एमडी सप्लाई मामले में 15 हजार का इनामी आरोपी जोधपुर से गिरफ्तार

0
45

जयपुर। मुहाना थाना पुलिस ने मानसरोवर क्षेत्र में मादक पदार्थ एमडी की अवैध बिक्री के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए छह माह से फरार चल रहे 15 हजार रुपए के इनामी आरोपी प्रकाश चौधरी (23) को गिरफ्तार किया है।

पुलिस उपायुक्त जयपुर दक्षिण राजर्षि राज ने बताया कि 15 सितंबर को मानसरोवर स्थित कावेरी पथ मध्यम मार्ग पर एक युवक द्वारा एमडी बेचने की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस थाना मानसरोवर की टीम ने मौके पर दबिश देकर कमलेश कुमार विश्नोई को गिरफ्तार किया था। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 87.70 ग्राम एमडी बरामद हुई। इस संबंध में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।

मामले की जांच पुलिस थाना मुहाना को सौंपी गई। अनुसंधान में सामने आया कि कमलेश ने यह मादक पदार्थ प्रेम डुडी से खरीदा था, जिसे पूर्व में गिरफ्तार किया जा चुका है। आगे की जांच में खुलासा हुआ कि प्रेम डुडी को यह एमडी प्रकाश चौधरी ने सप्लाई की थी, जो वारदात के बाद से फरार चल रहा था।

आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 18 फरवरी को 15 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। साइबर सेल जयपुर साउथ से मिले तकनीकी इनपुट के आधार पर मुहाना थाना पुलिस ने डीएसटी टीम (वेस्ट) जोधपुर कमिश्नरेट के सहयोग से 26 फरवरी को आरोपी को जोधपुर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्धों की तलाश में जुटी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here