जयपुर। पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा के निर्देशों की कड़ी में गुरुवार को जयपुर के चैनपुरा स्थित चौथी बटालियन आरएसी में एक विशाल सुपर स्पेशिलिटी चिकित्सा परामर्श एवं जांच शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें 13वीं बटालियन आरएसी के कार्मिकों ने भी भाग लिया।
पुलिस मुख्यालय में पूर्व में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में डीजीपी राजीव कुमार शर्मा और एडीजी आयोजना एवं कल्याण डॉ. प्रशाखा माथुर ने स्पष्ट किया था कि पुलिसकर्मियों की सेहत से कोई समझौता नहीं होगा। विशेष रूप से 40 वर्ष से अधिक आयु के कार्मिकों के लिए मासिक और वार्षिक स्वास्थ्य परीक्षण को अनिवार्य कर दिया गया है। इस पूरी प्रक्रिया की सघन मॉनिटरिंग और डेटा संकलन की जिम्मेदारी डॉ. सुनील पुनिया (नोडल अधिकारी, पुलिस मुख्यालय) को सौंपी गई है। ताकि हर जवान की सेहत का रिकॉर्ड डिजिटल रूप से सुरक्षित रहे।
वहीं पूर्व में जोधपुर, अजमेर और बीकानेर जिला मुख्यालयों में स्वास्थ्य परीक्षण कैम्प लगाए जा चुके है। महिला दिवस के उपलक्ष में गुरुवार को जयपुर स्थित राजस्थान पुलिस अकादमी तथा चौथी बटालियन आरएसी में स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया गया। चैनपुरा स्थित शिविर में जेएनयू सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल जगतपुरा के विख्यात विशेषज्ञों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं।
जेएनयू हॉस्पिटल के सहयोग से आयोजित इस मेगा कैंप में गंभीर रोगों से लेकर सामान्य विकारों तक का गहन परीक्षण किया गया।
अतिरिक्त निदेशक स्वास्थ्य और नोडल अधिकारी डॉ. सुनील पूनिया ने बताया कि इस शिविर में डॉ. प्रकाश केसवानी (डायबिटोलॉजिस्ट एवं इण्डोक्राईनोलोजिस्ट) सहित सर्जन, प्रसूति व स्त्री रोग, हड्डी व जोड़ प्रत्यारोपण, नेत्र रोग, ईएनटी, मनोरोग और जनरल फिजिशियन एवं फिजियोथेरेपी के विशेषज्ञों ने परामर्श दिया। इसके अलावा शिविर में लिपिड प्रोफाइल, थायराइड, ब्लड शुगर और हेपेटाइटिस-बी जैसी महत्वपूर्ण जाँचें की गईं। साथ ही महिला पुलिसकर्मियों और परिजनों के लिए सर्वाइकल कैंसर की विशेष निःशुल्क स्क्रीनिंग की गई।
अतिरिक्त निदेशक स्वास्थ्य और नोडल अधिकारी डॉ. सुनील पूनिया ने बताया कि इस शिविर में लगभग 400 से अधिक पुलिसकर्मियों और उनके परिजनों ने अपना स्वास्थ्य परीक्षण करवाया। डॉ. पूनिया ने कहा कि इस तरह के आयोजनों का मुख्य उद्देश्य पुलिस बल में मानसिक तनाव को कम करना और उन्हें एक स्वस्थ जीवनशैली के लिए प्रोत्साहित करना है।




















