जयपुर। सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा ने विधानसभा में क्षेत्र की कानून-व्यवस्था और जन-सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए भट्ठा बस्ती और रामनगर क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि इन इलाकों में संकरी गलियां, स्ट्रीट लाइट और सीसीटीवी कैमरों की कमी के कारण खासतौर पर महिलाओं की सुरक्षा प्रभावित हो रही है।
विधायक शर्मा ने सरकार से मांग की कि भट्ठा बस्ती और रामनगर सहित संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाए। उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण और नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं। हाई-मास्ट लाइट स्थापित की जाएं और रात्रि गश्त बढ़ाई जाए।
उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि पारंपरिक पुलिसिंग व्यवस्था के साथ आधुनिक तकनीक का उपयोग किया जाना चाहिए। शर्मा ने एआई आधारित सर्विलांस तकनीकों को अपनाने पर जोर देते हुए कहा कि इससे अपराधों की रोकथाम और निगरानी व्यवस्था अधिक प्रभावी बनाई जा सकती है।
विधायक ने कहा कि जन-सुरक्षा सरकार और प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है और संवेदनशील क्षेत्रों में ठोस कदम उठाने से अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण संभव हो सकेगा।




















