चलती कार बनी आग का गोला

0
40

जयपुर। राजधानी के गांधी सर्किल के पास एक बड़ा हादसा टल गया। सर्विस सेंटर से लौट रही एक चलती टैक्सी कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और 17 लाख रुपए की कार सड़क पर ही आग का गोला बन गई। गनीमत रही कि चालक ने धुआं उठते ही सूझबूझ दिखाई और समय रहते बाहर निकल गया, जिससे उसकी जान बच गई।

गांधी नगर थानाधिकारी भजनलाल ने बताया कि हादसा रात करीब साढ़े सात बजे हुआ। चालक अमित धाबास अपनी कार की सर्विस कराकर लौट रहे थे। कार में सीएनजी किट लगी हुई थी और यह वाहन वर्ष 2025 में ही खरीदा गया था। गांधी सर्किल के पास अचानक बोनट से धुआं निकलता देख अमित ने तुरंत गाड़ी रोकी।

उनके बाहर निकलते ही आग पूरी कार में फैल गई। पीड़ित चालक अमित के लिए यह हादसा किसी डरावने सपने से कम नहीं था। उन्होंने बताया कि करीब 17 लाख रुपए की लागत वाली इस नई गाड़ी को अपनी आंखों के सामने राख होते देख वे सुध-बुध खो बैठे। अमित बुधवार को इस संबंध में थाने में लिखित शिकायत दर्ज करवाएंगे।

हादसे के बाद सड़क पर जाम की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दमकल की मदद से आग पर काबू पाया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए जली हुई कार को क्रेन की मदद से सड़क से हटाकर यातायात सुचारू करवाया। प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट या गैस लीकेज माना जा रहा है। हालांकि वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here