नाहरगढ़ थाना पुलिस की तत्परता: गुमशुदा युवक ग्वालियर से दस्तयाब

0
36

जयपुर। जयपुर उत्तर जिले की नाहरगढ़ थाना पुलिस ने दर्ज गुमशुदगी के मामले में कार्रवाई करते हुए युवक को मध्य प्रदेश के ग्वालियर से सकुशल दस्तयाब कर परिजनों को सुपुर्द कर दिया।

पुलिस उपायुक्त जयपुर (उत्तर) करण शर्मा ने बताया कि 18 फरवरी 2026 को परिवादी वैभव शर्मा ने देवव्रत शर्मा की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त बजरंग सिंह शेखावत एवं सहायक पुलिस आयुक्त राजेन्द्र कुमार मीणा के निर्देशन में थानाधिकारी दशरथ सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गई।

जांच के दौरान पुलिस टीम ने जयपुर शहर क्षेत्र के लगभग 500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में देवव्रत शर्मा को नारायण सिंह सर्किल से बस में बैठकर आगरा की ओर जाते हुए देखा गया। इसके बाद टीम ने संबंधित बस स्टॉपेज की फुटेज की जांच करते हुए आगरा तक पड़ताल की।

पुलिस ने गुमशुदा के मोबाइल नंबर की सीडीआर, सोशल मीडिया अकाउंट्स (फेसबुक, इंस्टाग्राम, ईमेल) की आईपी डिटेल्स तथा बैंक खाते व फोनपे ट्रांजेक्शन का विश्लेषण किया। मुखबिर की सूचना और तकनीकी जांच के आधार पर युवक के ग्वालियर (मध्य प्रदेश) में होने का पता चला।

पुलिस टीम ने ग्वालियर पहुंचकर युवक को दस्तयाब किया और सुरक्षित परिजनों को सौंप दिया। पुलिस अधिकारियों ने टीम की तत्परता और तकनीकी जांच की सराहना की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here