जयपुर। चैत्र के वासंतिक नवरात्र में आराध्य देव गोविंद देवजी मंदिर में 30 मार्च से 7 अप्रेल तक श्रीराम चरितमानस का संगीतमय नवाह्न पारायण होगा। मंदिर महंत अंजन कुमार गोस्वामी के सान्निध्य में प्रतिदिन सुबह सात से ग्यारह बजे तक 51 आसन पर 51 साधक श्रीराम चरितमानस की चौपाइयों का सस्वर संगीतमय पाठ करेंगे।
श्री चिंता हरण हनुमान मंदिर के बंशीजी महाराज व्यासपीठ से पाठ करेंगे। इस मौके पर घट स्थापना कर भगवान राम का दरबार सजाया जाएगा। पांच घंटे रामचरितमानस के पाठ के बाद शाम को भजन होंगे। सात अप्रेल को पाठ की पूर्णाहुति के उपलक्ष्य में संगीतमय सुंदरकांड पाठ होंगे।