गोविंद देवजी मंदिर में नवसंकल्प सिद्धि गायत्री महायज्ञ, श्रद्धालुओं ने किया प्रायश्चित हवन

0
37
Navasankalpa Siddhi Gayatri Mahayagna at Govind Devji Temple
Navasankalpa Siddhi Gayatri Mahayagna at Govind Devji Temple

जयपुर। अंग्रेजी नववर्ष-2026 की पूर्व वेला पर रविवार को ठिकाना मंदिर श्री गोविंद देवजी में नवसंकल्प सिद्धि गायत्री महायज्ञ का संपन्न हुआ। श्री मन्माध्व गौड़ेश्वराचार्य महंत अंजन कुमार गोस्वामी जी महाराज के सान्निध्य में मंदिर के सेवाधिकारी मानस गोस्वामी ने ठाकुर श्री राधा गोविंद देव जी, वेदमाता मां गायत्री और गुरु सत्ता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। पांच पारियों में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने विश्व कल्याण की कामना के साथ यज्ञ भगवान को आहुतियां अर्पित की। देव पूजन के दौरान श्रद्धालुओं ने वर्ष 2025 में हुई भूलों एवं त्रुटियों के लिए प्रभु के समक्ष क्षमायाचना की ।

वेदना निवारण केंद्र, मानसरोवर की ओर से भक्त भूषण वर्मा, नीलम वर्मा, सुमन चौधरी एवं वर्षा गुप्ता ने वैदिक विधि-विधान से यज्ञ सम्पन्न कराया। यज्ञ की अग्नि की साक्षी में श्रद्धालुओं ने नववर्ष 2026 के लिए शुद्ध, सकारात्मक एवं रचनात्मक जीवन जीने के शुभ संकल्प लिए। सभी ने नव वर्ष को शुभ संकल्प के साथ मनाने का प्रण लिया। नव वर्ष पर किसी भी तरह का नशा नहीं करने और अन्य लोगों को नशा नहीं करने की प्रेरणा देने का संकल्प भी लिया।

श्रद्धालुओं ने एक बुराई का त्याग कर एक अच्छाई को अपनाने , स्वयं, परिवार, समाज और राष्ट्र को उन्नति के पथ पर अग्रसर करने में योगदान देने के साथ यज्ञ की पूर्णाहुति की।।

यज्ञ आयोजन में मानसरोवर की हेमलता अग्रवाल, मधु पीपलीवाल, झोटवाड़ा की नीतू शर्मा, सुशीला सैनी, मीरा शर्मा, मीना सैनी, गौरा चौधरी ललिता चौधरी सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया।

महायज्ञ के माध्यम से नर-नारी समानता, जाति-वंश से ऊपर उठकर मानवता, नैतिकता एवं संस्कारों को जीवन में उतारने का संदेश दिया गया।

गायत्री चेतना केंद्र, जनता कॉलोनी की ओर से युग साहित्य की स्टॉल भी लगाई गई, जहां युग साहित्य श्रद्धालुओं को लागत मूल्य पर उपलब्ध कराया गया। कार्यक्रम का समापन शांति पाठ और जय घोष के साथ हुआ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here