गोविन्द देवजी मंदिर में नौ कुंडीय गायत्री महायज्ञ आज

0
225
Nine Kundiya Gayatri Maha Yagya today in Govind Devji Temple
Nine Kundiya Gayatri Maha Yagya today in Govind Devji Temple

जयपुर। आराध्य देव गोविंद देवजी मंदिर में रविवार को सुबह नौ से ग्यारह बजे तक नौ कुंडीय गायत्री महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा। विश्व कल्याण की कामना के साथ यज्ञ देवता को आहुतियां प्रदान की जाएंगी। मंदिर महंत अंजन कुमार गोस्वामी के सान्निध्य में होने महायज्ञ को गायत्री तीर्थ शांतिकुंज हरिद्वार के गायत्री शक्तिपीठ ब्रह्मपुरी के विद्वानों की टोली संपन्न कराएंगी। ठिकाना मंदिर श्री गोविंद देवजी के सेवाधिकारी मानस गोस्वामी ने बताया कि गायत्री महायज्ञ में कोई भी शामिल हो सकता है। गोविंद देवजी, वेदमाता गायत्री और गुरु सत्ता का षोडशोपचार पूजन कर अग्नि प्रज्वलन कर यज्ञ देवता को आहुतियां प्रदान की जाएंगी।

महायज्ञ गायत्री एवं महामृत्युंजय महामंत्र के अलावा सूर्य, रूद्र, शिव, नवग्रह मंत्रों से भी आहुतियां प्रदान की जाएंगी। जिन श्रद्धालुओं का 16 फरवरी को जन्मदिन और विवाह दिवस है उनके उज्जवल भविष्य के लिए विशेष आहुतियां प्रदान की जाएंगी। रोग मुक्ति की कामना के साथ सूर्य गायत्री मंत्र से आहुतियां प्रदान की जाएंगी।

कुंभ में हुई भगदड़ में मारे गए लोगों की आत्मशांति के लिए यम गायत्री मंत्र से विशेष आहुतियां प्रदान की जाएगी तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना के साथ सूर्य गायत्री मंत्र से आहुतियां प्रदान की जाएंगी। हवन के लिए अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार से विशेष हवन सामग्री मंगवाई गई है। इसमें चालीस से अधिक जड़ी बूटियां हैं। इस मौके पर प्रेरणादायी पुस्तकों की स्टॉल भी लगाई जाएगी। यहां लागत दर पर पुस्तकें उपलब्ध रहेगी।

लगाई जाएगी आओ गढ़े संस्कारवान पीढ़ी का प्रदर्शनी

इस बार का यज्ञ विशेष रहेगा। कई गर्भवती महिलाएं भी यज्ञ में शामिल होंगी। उनके गर्भस्थ शिशु के सर्वांगीण विकास के लिए विशिष्ट मंत्रों से खीर से विशेष आहुतियां प्रदान की जाएंगी। तीन से पांच माह की गर्भवती महिलाएं यज्ञ में शामिल हो सकती है। उनका गर्भोत्सव संस्कार कराया जाएगा। यह पूरी तरह निशुल्क होगा। इस मौके पर आओ गढ़े संस्कारवान पीढ़ी अभियान की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। इसमें बताया जाएगा कि यदि मां चाहे तो मनचाही संतान पैदा कर सकती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here