जयपुर। सांगानेर थाना पुलिस ने अपहरण व लूट के मामले में वांछित एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी काफी समय से फरार चल रहा था।
पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व रंजिता शर्मा ने बताया कि शहर में बढ़ती लूट की वारदातों की रोकथाम के लिए पुलिस आयुक्त के निर्देश पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आलोक सिंघल के निर्देशन एवं सहायक पुलिस आयुक्त हरिशंकर शर्मा के सुपरविजन में सांगानेर थानाधिकारी लिखमाराम के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
थानाधिकारी लिखमाराम के अनुसार 14 सितंबर 2024 को परिवादी मुकेश कुमार ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह ट्रेलर लेकर अजमेर जा रहा था। सीताबाड़ी टोंक रोड सांगानेर क्षेत्र में एक कार सवार बदमाशों ने उसकी गाड़ी रुकवाकर उसे जबरन कार में बैठा लिया और शिवदासपुरा होते हुए आगे ले गए। रास्ते में आरोपियों ने मारपीट कर उससे ड्राइविंग लाइसेंस, दस्तावेज और नकदी लूट ली। इस पर थाना सांगानेर में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी व खुफिया सूचनाओं के आधार पर वांछित आरोपी भंवर सिंह मीणा (24) निवासी करौली को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम में थानाधिकारी लिखमाराम के साथ उपनिरीक्षक नरेश कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले में आगे की जांच कर रही है।



















