जयपुर। ग्रासरूट मीडिया फाउंडेशन के तत्वावधान में आगामी 19 मार्च, गुरुवार को सतीश गौतम द्वारा रचित पुस्तक ‘भव सागर में तरण को’ का विमोचन समारोह आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम झालाना सांस्थानिक क्षेत्र स्थित राजस्थान प्रौढ़ शिक्षण समिति के सभागार में सायं 4 बजे होगा।
समारोह की अध्यक्षता सुख सागर आश्रम, सांभर के संत योगी रमणनाथ करेंगे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में भीलवाड़ा के प्रसिद्ध वरिष्ठ रंगकर्मी गोपाल आचार्य उपस्थित रहेंगे। धर्म, साहित्य और कला जगत के प्रमुख विभूतियों की उपस्थिति में पुस्तक के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा भी की जाएगी।
सतीश गौतम की यह कृति उनके द्वारा जीवन में लगभग 25 वर्षों तक हरिद्वार से इच्छापुरी, रेवाड़ी के शिव मंदिर तक नियमित रूप से प्रति वर्ष श्रावणमास में कांवड़ यात्रा के अनुभव के साथ गहरे जीवन दर्शन और मानवीय संवेदनाओं को समेटे हुए है। पुस्तक का शीर्षक ‘भव सागर में तरण को’ आध्यात्मिक और सामाजिक यात्रा का संकेत देता है, जो पाठक को आत्म-चिंतन की ओर प्रेरित करती है। पुस्तक एक साधक की यात्रा को दर्शाती है और विषयवस्तु की गंभीरता और तरलता को बखूबी बयां करती है।
ग्रासरूट मीडिया फाउंडेशन पिछले कुछ समय से साहित्य, कला और समसामयिक मामलों को मंच प्रदान करने का कार्य कर रहा है। संस्था के प्रमोद शर्मा ने बताया कि इस तरह से पुस्तक विमोचन का उद्देश्य समाज में वैचारिक विमर्श को बढ़ावा देना और उत्कृष्ट साहित्य को पाठकों तक पहुँचाना है।
समारोह में शहर के प्रबुद्ध साहित्यकार, रंगकर्मी और पुस्तक प्रेमी शिरकत करेंगे। आयोजकों ने सभी साहित्य अनुरागी नागरिकों को इस बौद्धिक विमर्श का हिस्सा बनने के लिए सादर आमंत्रित किया है।




















