जयपुर। रामनवमी की पावन पूर्व संध्या पर बुधवार को चांदपोल बाजार स्थित पावन एवं प्राचीन धाम ठिकाना मंदिर श्री रामचन्द्र जी में प्रभु श्रीराम का भव्य राजसी दरबार सजेगा तथा अलौकिक महा-श्रृंगार के दिव्य दर्शन होंगे। इस शुभ अवसर पर प्रेम भाया मंडल सानिध्य में विशाल बधाई उत्सव का आयोजन भक्तिभाव के साथ किया जाएगा।
रामनवमी की पूर्व संध्या पर प्रभु श्रीराम का विशेष राजसी महा-श्रृंगार किया जाएगा। जिसमें स्वर्ण आभूषण एवं रजत (चाँदी) आभूषण से प्रभु का दिव्य स्वरूप अलंकृत किया जाएगा। स्वर्ण मुकुट, कंठहार, कुण्डल, बाजूबंद एवं राजसी आभूषणों से प्रभु का भव्य श्रृंगार किया जाएगा, वहीं रजत से निर्मित सिंहासन, छत्र, चरण पादुका एवं दरबार की विशेष सजावट की जाएगी। स्वर्ण एवं रजत की दिव्य आभा से सजा प्रभु का राजसी दरबार श्रद्धालुओं को अयोध्या के राजदरबार की अनुभूति कराएगा और सम्पूर्ण मंदिर परिसर दिव्य प्रकाश एवं फूल माला और भक्ति भाव से आलोकित हो उठेगा।
इस पावन अवसर पर मंदिर परिसर को आकर्षक फूलों, बंदनवार, रंगोली एवं विशेष रोशनी से सजाया जाएगा। साथ ही भजन-कीर्तन, मंगलगान, संकीर्तन एवं बधाई गायन का भव्य आयोजन किया जाएगा। जिसमें श्रद्धालुजन प्रभु श्रीराम के जन्मोत्सव की मंगल बधाइयाँ गाएँगे। प्रेम भाया मंडल सानिध्य में आयोजित यह विशाल बधाई उत्सव श्रद्धा, भक्ति, प्रेम एवं सनातन संस्कृति की पावन परंपरा का दिव्य संगम होगा।
महंत नरेंद्र तिवाडी ने बताया श्री रामनवमी के दिन पूरे दिनभर विशेष कार्यक्रम आयोजित होंगे। शाम को महाआरती में मुख्य अतिथि के रुप में राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शामिल होंगे।




















