रवि-पुष्य नक्षत्र पर श्री नहर के गणेश जी महाराज का आज होगा पंचामृत अभिषेक

0
38

जयपुर। ब्रह्मपुरी माऊण्ट रोड पर स्थित अतिप्राचीन दाहिनी सूंड, दक्षिणमुखी श्री नहर के गणेशजी महाराज के मंदिर में रवि-पुष्य नक्षत्र के पावन अवसर पर रविवार को विशेष धार्मिक आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर प्रथम पूज्य भगवान गणपतिजी महाराज का दूर्वा मार्जन से पंचामृत अभिषेक मंदिर परिवार द्वारा विधिवत रूप से संपन्न कराया जाएगा।

मंदिर के युवाचार्य पं. मानव शर्मा ने बताया कि रवि-पुष्य नक्षत्र के शुभ संयोग पर प्रातः 10 बजे शुभ मुहूर्त में मंदिर महंत पं. जय शर्मा के सान्निध्य में प्रभु गजानंद का दूर्वा मार्जन के साथ पंचामृत से अभिषेक किया जाएगा। अभिषेक के पश्चात भगवान गणेश को नवीन पोशाक धारण कराई जाएगी तथा विधिवत पूजा-अर्चना एवं आरती की जाएगी।

सायंकाल में भगवान गणेश की भव्य महाआरती 251 दीपकों से की जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। इसके साथ ही मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले भक्तों को सुख-समृद्धि एवं विघ्ननिवारण का प्रतीक रक्षा सूत्र वितरित किए जाएंगे।

रवि-पुष्य नक्षत्र के इस विशेष अवसर पर मंदिर परिसर में श्रद्धा और भक्ति का वातावरण बना रहेगा तथा श्रद्धालु भगवान गणेश का आशीर्वाद प्राप्त करेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here