सेंट्रल जेल में बंदियों की भिड़ंत में एक बंदी घायल

0
20
One prisoner injured in a clash between prisoners in Central Jail
One prisoner injured in a clash between prisoners in Central Jail

जयपुर। लालकोठी थाना क्षेत्र स्थित कड़ी सुरक्षा वाली सेंट्रल जेल में बंदियों के बीच मारपीट की दो घटनाएं सामने आई हैं। झगड़े में एक विचाराधीन बंदी घायल हो गया। जिसे उपचार के लिए सवाई मानसिंह अस्पताल ले जाया गया। मामले में जेल प्रशासन की रिपोर्ट पर लाल कोठी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी है।

थानाधिकारी प्रकाश राम विश्नोई ने बताया कि जेल प्रशासन की शिकायत के अनुसार वार्ड नंबर ग्यारह की बैरक में विचाराधीन बंदी राहुल के साथ उसी सेल में बंद पुनीत,नरेंद्र,सचिन,कन्हैया,कोमल और योगेश ने मारपीट की।

आरोप है कि बंदियों ने राहुल के साथ लात-घूंसे से मारपीट की और पत्थर से हमला कर घायल कर दिया। सूचना मिलने पर जेल अधिकारी मौके पर पहुंचे और अतिरिक्त फोर्स बुलाकर झगड़ रहे बंदियों को काबू किया। सभी को स्पेशल सेल में शिफ्ट कर दिया गया।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बुधवार को जेल के भीतर दो अलग-अलग बार गाली-गलौज को लेकर विवाद हुआ। सुबह बंदी राजेश और राहुल के बीच कहासुनी के बाद झगड़ा हुआ। इसके बाद दूसरी घटना में भी मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।

पूछताछ में सामने आया कि बंदी पुनीत हरियाणा की कौशल गैंग से जुड़ा है। उसका आरोप है कि विचाराधीन बंदी राहुल ने उसके भाई कौशल के लिए अपशब्द कहे। जिसके चलते मारपीट हुई।

पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और मामले में शामिल बंदियों से पूछताछ जारी है। जेल प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सतर्कता बढ़ा दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here