जयपुर। राजस्थान पुलिस के “ऑपरेशन एंटी वेनम” अभियान के तहत जयपुर ग्रामीण जिले के जमवारामगढ़ थाना पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए हरियाणा निर्मित शराब से भरा कंटेनर पकड़ा है। पुलिस ने मौके से 65 कार्टन अंग्रेजी शराब जब्त कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक जयपुर ग्रामीण हनुमान प्रसाद मीणा ने बताया कि जयपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक राहुल प्रकाश के निर्देश पर 15 मार्च से 31 मार्च 2026 तक ड्रग्स व नशा तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत यह सफलता हासिल हुई है।
एक्सप्रेस-वे पर नाकाबंदी, संदिग्ध कंटेनर पकड़ा
28 मार्च को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शाहपुरा रणवीर सिंह और वृत्ताधिकारी जमवारामगढ़ रामकिशन विश्नोई के सुपरविजन में थानाधिकारी भगवान सहाय के नेतृत्व में टीम ने दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर दूला टोल के पास नाकाबंदी की। इस दौरान अलवर-दौसा की ओर से आ रहा एक कंटेनर पुलिस को देखकर तेज गति से भागने लगा, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उसे रोक लिया।
कंटेनर से बरामद हुई शराब, चालक गिरफ्तार
पूछताछ में चालक ने अपना नाम शाहरुख खान (28) निवासी धोज, जिला फरीदाबाद (हरियाणा) बताया। तलाशी के दौरान कंटेनर से 65 कार्टन हरियाणा निर्मित अंग्रेजी शराब बरामद हुई। आरोपी वैध लाइसेंस या परमिट प्रस्तुत नहीं कर सका, जिस पर पुलिस ने एक्साइज एक्ट की धारा में गिरफ्तार कर मुकदमा दर्ज किया।
तस्करी नेटवर्क की जांच शुरू
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की यह खेप कहां से लाई जा रही थी और किन स्थानों पर सप्लाई की जानी थी। इस कार्रवाई को जयपुर ग्रामीण पुलिस की नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।
टीम का अहम योगदान
कार्रवाई में थानाधिकारी भगवान सहाय के नेतृत्व में महेंद्र सिंह, राजेंद्र, हरिकिशन, रामकिशन, विजय, सागर, राकेश और हुकमनाथ सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



















