ऑपरेशन एंटी वेनम : गांजा तस्कर गिरफ्तार और नकली घी बनाने का सामान जब्त

0
48
Operation Anti-Venom: Ganja Smuggler Arrested

जयपुर। जयपुर ग्रामीण पुलिस ने ‘ऑपरेशन एंटी वेनम’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए सामोद थाना क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थ और नकली खाद्य सामग्री के कारोबार का खुलासा किया है। पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में 132 ग्राम गांजा, 5010 रुपए की नकदी और नकली घी बनाने के उपकरण जब्त करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक जयपुर ग्रामीण हनुमान प्रसाद मीणा ने बताया कि पुलिस महानिरीक्षक जयपुर रेंज के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थ तस्करों और सप्लायर्स के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में डीएसटी और सामोद थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की।

इस कार्रवाई के दौरान ग्राम बांस (विजयसिंहपुरा) में एक व्यक्ति के गांजा बेचने की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।

पूछताछ में उसने अपना नाम जयसिंह (26) निवासी बांस, थाना सामोद बताया। पुलिस ने उसके कब्जे से 132 ग्राम गांजा और 5010 रुपए बरामद किए। साथ ही मौके से नकली घी बनाने के उपकरण, वनस्पति घी, सोयाबीन रिफाइंड तेल और ब्रांडेड कंपनियों के रेपर भी जब्त किए गए।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और ट्रेडमार्क एक्ट के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और संबंधित अधिकारियों के सुपरविजन में की गई। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और सप्लाई चैन की भी जांच में जुटी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here