जयपुर। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन वज्र प्रहार’ के तहत जयपुर पश्चिम जिला पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। सोमवार को जिले भर में चलाए गए विशेष धरपकड़ अभियान के दौरान पुलिस ने 2 इनामी बदमाशों और 118 स्थाई वारंटियों सहित कुल 172 अपराधियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) प्रशांत किरण ने बताया कि वांछित और सक्रिय अपराधियों की धरपकड़ के लिए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश कुमार के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन किया गया था। इस अभियान में जिले के सभी थानों की कुल 110 टीमों ने हिस्सा लिया, जिनमें करीब 386 पुलिस अधिकारी और कर्मचारी शामिल थे। पुलिस की इस घेराबंदी से अपराधियों में हड़कंप मच गया।
अभियान की सबसे बड़ी सफलता धोखाधड़ी के मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे दो इनामी बदमाशों की गिरफ्तारी रही। पुलिस ने 10 हजार-10 हजार रुपये के इनामी अपराधी नन्द लाल चौधरी और दिनेश चन्द बंसल को दबोच लिया है। इनके अलावा 5 अन्य इनामी बदमाशों को भी गिरफ्तार कर पुराने प्रकरणों का निस्तारण किया गया है।
अभियान के दौरान पुलिस ने केवल गिरफ्तारियां ही नहीं की। बल्कि अवैध हथियारों और नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ 14 प्रकरण दर्ज कर 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। वहीं अवैध हथियारों के खिलाफ 2 मुकदमे दर्ज कर एक पिस्टल और एक टोपीदार बंदूक बरामद की गई। इसके अलावा अवैध शराब के मामले में 1 मुकदमा दर्ज कर एक आरोपी को पकड़ा गया।
साथ ही शांति भंग की आशंका में धारा 170 BNSS के तहत 193 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने कोर्ट से जारी स्थाई वारंटों और धारा 299 CrPC में वांछित चल रहे 118 अपराधियों को पकड़कर न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। डीसीपी प्रशांत किरण ने कहा कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ यह जीरो टॉलरेंस की नीति आगे भी जारी रहेगी।




















