खाटूश्यामजी मंदिर :तीन दिन में 4.10 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए बाबा श्याम के दर्शन

0
45
Over 4.10 lakh devotees visited Baba Shyam in three days.
Over 4.10 lakh devotees visited Baba Shyam in three days.

जयपुर। खाटूधाम में आयोजित बाबा श्याम के वार्षिक फाल्गुनी लक्खी मेले के तीसरे दिन आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। देश-प्रदेश से आए श्रद्धालु कतारबद्ध होकर बाबा श्याम के दर्शन कर रहे हैं। जयकारों और भक्ति संगीत के बीच पूरी श्याम नगरी भक्तिमय वातावरण में सराबोर है। राजस्थान पुलिस के पुख्ता सुरक्षा प्रबंधों के बीच रींगस से खाटूधाम तक निर्धारित मार्गों से श्रद्धालुओं को सुव्यवस्थित एवं सुगम दर्शन कराए जा रहे हैं।

तीन दिन में 4,10,316 श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

आठ दिवसीय फाल्गुनी लक्खी मेले के तीसरे दिन सायं तक कुल 4,10,316 श्रद्धालुओं ने बाबा श्याम के दरबार में शीश नवाया। 75 फुट मार्ग पर स्थापित अत्याधुनिक गणना कैमरों के माध्यम से श्रद्धालुओं की सटीक गणना की जा रही है। प्रथम दिन 1,24,324, द्वितीय दिन 1,97,992 तथा तृतीय दिन सायं तक 88,000 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं।

रींगस रोड से तोरणद्वार, अस्पताल चौराहा, गढ़ धर्मशाला और रामजी द्वार होते हुए 75 फुट मार्ग की 14 कतारों से दर्शन की व्यवस्था की गई है। लंबी कतारों के बावजूद श्रद्धालुओं में उत्साह और श्रद्धा का भाव स्पष्ट दिखाई दे रहा है। सोमवार को बाबा श्याम का पिंक एवं सफेद पुष्पों से मनोहारी श्रृंगार किया गया, जिससे मंदिर परिसर की भव्यता और बढ़ गई।

राजस्थान पुलिस द्वारा बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था

मेले की विशालता को देखते हुए राजस्थान पुलिस द्वारा व्यापक एवं बहुस्तरीय सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। मेले क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल, आरएसी तथा महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है तथा पैदल गश्त लगातार जारी है। सीसीटीवी कैमरों और कंट्रोल रूम के माध्यम से चौबीसों घंटे मॉनिटरिंग की जा रही है, वहीं ड्रोन कैमरों से भी भीड़ प्रबंधन पर नजर रखी जा रही है।

श्रद्धालुओं की सहायता हेतु विभिन्न स्थानों पर सहायता डेस्क और खोया-पाया केंद्र स्थापित किए गए हैं। यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए रींगस-खाटू मार्ग पर विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है तथा आपातकालीन स्थितियों से निपटने के लिए क्विक रिस्पॉन्स टीम तैनात की गई है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं, जिससे श्रद्धालु शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में दर्शन कर सकें।

जनसंपर्क विभाग द्वारा योजनाओं का प्रचार-प्रसार

सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग, राजस्थान द्वारा राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के पम्पलेट, “बढ़ता राजस्थान, हमारा राजस्थान” बुकलेट सहित प्रचार सामग्री का वितरण किया जा रहा है। श्रद्धालुओं को योजनाओं की जानकारी देकर सरकार की उपलब्धियों से अवगत कराया जा रहा है।

जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित मार्गों का पालन करें, अनुशासन बनाए रखें और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर विश्वास न करें। फाल्गुनी लक्खी मेले में श्रद्धालुओं की संख्या प्रतिदिन बढ़ती जा रही है और खाटूधाम आस्था, व्यवस्था एवं सुरक्षा का सशक्त उदाहरण बनता जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here