जयपुर। सिंधी कैंप थाना पुलिस ने करीब चार साल से फरार चल रहे स्थायी वारंटी को मेरठ से गिरफ्तार किया है। पुलिस उपायुक्त पश्चिम हनुमान प्रसाद ने बताया कि वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सिंधी कैंप थाना पुलिस ने करीब चार साल से फरार चल रहे स्थायी वारंटी विशाल गिरि निवासी रोहटा जिला मेरठ (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी विशाल गिरि पिछले चार वर्षों से फरार चल रहा था और उसके खिलाफ स्थायी वारंट जारी था। आरोपी पर एफसीआई में नौकरी दिलाने का झांसा देकर करीब दो दर्जन युवकों से लगभग एक करोड़ रुपए की धोखाधड़ी करने का आरोप है। वारदात के बाद से वह लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस से बचता फिर रहा था।
हाल ही में उसके मेरठ आने की सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने सतर्कता बरतते हुए लोकेशन ट्रैक की और कार्रवाई कर उसे दबोच लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी वहां से नैनीताल भागने की फिराक में था। लेकिन पुलिस टीम की तत्परता से उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपी के खिलाफ विभिन्न थानों में धोखाधड़ी और आईटी एक्ट सहित अन्य धाराओं में मामले दर्ज हैं। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में अन्य संभावित कड़ियों की भी जांच की जा रही है।




















