जयपुर। मुरलीपुरा थाना पुलिस ने शातिर ठगों के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए 90 लाख रुपये की धोखाधड़ी के मामले में शत-प्रतिशत राशि बरामद कर ली है। ‘इनकम टैक्स रेड’ का खौफ दिखाकर लूट की गई इस राशि की बरामदगी के लिए पुलिस ने आरोपी के पैतृक आवास तक दबिश दी।
पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) प्रशांत किरण ने बताया कि आरोपी बाबूलाल वर्मा उर्फ बी.एल. गोयल को गिरफ्तार करने के बाद उसे पुलिस अभिरक्षा (पीसी रिमांड) में लिया गया था। कड़ाई से की गई पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने ठगी की शेष राशि अपने मूल निवास चूरू में छिपा रखी है। इस सूचना पर पुलिस टीम ने चूरू स्थित उसके घर पर दबिश देकर 12 लाख 50 हजार रुपये और बरामद किए।
अनुसंधान में यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि आरोपी ने ठगी की राशि का उपयोग अपना पुराना कर्ज चुकाने में किया था। उसने केनरा बैंक (झुंझुनू) में अपने गोल्ड लोन की अदायगी के लिए 25 लाख रुपये जमा करवाए थे। पुलिस ने बैंक में जमा इस राशि और गोल्ड को सीज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा अब तक ठगी गई पूरी 90 लाख रुपये की राशि को पुलिस ने रिकवर/ट्रैक कर लिया है।
गौरतलब है कि 17 मार्च 2026 को एक प्लॉट के सौदे के बाद आरोपियों ने परिवादी को आयकर विभाग की छापेमारी का डर दिखाया था। आरोपियों ने रुपयों को सुरक्षित रखने के बहाने बैग अपने कब्जे में लिया और फरार हो गए थे। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और सीसीटीवी फुटेज की मदद से मुख्य आरोपी बाबूलाल और मुखबिर रोहित वर्मा को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था।
थानाधिकारी के नेतृत्व में गठित टीम अभी भी आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि अन्य वारदातों के संबंध में सुराग मिल सके।




















