बाइक चोरी करने वाले आरोपित को पुलिस ने दबोचा

0
28

जयपुर। श्यामनगर थाना पुलिस ने वाहन चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए दोपहिया वाहन चोर को गिरफ्तार कर चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद की है। आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी सात आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।

पुलिस उपायुक्त दक्षिण दिगंत किशोर शर्मा ने बताया कि 1 मार्च 2026 को परिवादी जितेन्द्र कुमार ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 28 फरवरी की सुबह करीब 10 बजे जनपथ, श्याम नगर स्थित मकान पर काम के दौरान उनकी मोटरसाइकिल अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया। इस पर श्यामनगर थाने में मामला दर्ज किया गया।

वहीं वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए अतिरिक्त पुलिस आयुक्त सोडाला सुनील प्रसाद शर्मा के सुपरविजन तथा थानाधिकारी दलबीर सिंह के निर्देशन में टीम गठित की गई। टीम ने आसूचना एवं तकनीकी आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी युवराज शर्मा (32) निवासी सैनी कॉलोनी करतारपुरा हाल मालवीय नगर को गिरफ्तार कर चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली।

पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ विभिन्न थानों में पूर्व में सात प्रकरण दर्ज हैं, जिनमें चालान भी पेश किए जा चुके हैं। आरोपी से अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here