जयपुर। शहर में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जयपुर पुलिस कमिश्नरेट (सीएसटी) टीम ने विधाधर नगर और चित्रकूट थाना क्षेत्रों में संयुक्त अभियान चलाकर चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एमडी, चरस, नकदी और दो कारें बरामद की गई हैं।
स्पेशल पुलिस कमिश्नर राहुल प्रकाश ने बताया कि आरोपियों से कुल 29.85 ग्राम एमडी, 8.94 ग्राम चरस, 1 लाख 43 हजार रुपए नकद, दो कारें और अन्य सामग्री जब्त की गई है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी मादक पदार्थ सप्लायरों तक पहुंचाने आए थे, जिसके बाद इन्हें बाजार में पुड़िया बनाकर बेचा जाना था।
राहुल प्रकाश ने बताया कि पुलिस को अम्बाबाड़ी क्षेत्र में एक संदिग्ध लाल कार घूमने की सूचना मिली थी। सूचना पर कार्रवाई करते हुए टीम ने वाहन को रोककर तलाशी ली। कार सवार प्रकाश सैनी (40), निवासी गोपाल वाटिका कॉलोनी, बैनाड़ रोड को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से 26.18 ग्राम एमडी, 1.43 लाख रुपए नकद, पांच मोबाइल फोन, वॉकी-टॉकी सेट, चेक बुक, एटीएम कार्ड और एक कार बरामद की गई।
इस संबंध में विधाधर नगर थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। वहीं दूसरी कार्रवाई चित्रकूट थाना इलाके में की गई। यहां पुलिस ने गोतेश जाटोलिया (32), कामरान हुसैन (38) और आशीष जिंदल (27) को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 3.67 ग्राम एमडी, 8.94 ग्राम चरस और एक कार जब्त की गई। तीनों आरोपियों के खिलाफ चित्रकूट थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और उनके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। शहर में ड्रग्स तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।




















