क्रिकेट ग्राउंड में बीयर पार्टी पर पुलिस का छापा: अवैध शराब बेचते दो गिरफ्तार

0
41
Area Domination Campaign: Police arrest 33 suspects.
Area Domination Campaign: Police arrest 33 suspects.

जयपुर। भांकरोटा थाना पुलिस ने देर रात क्रिकेट ग्राउंड में चल रही बीयर पार्टी पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब बेचते दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मौके से विभिन्न ब्रांड की 140 बीयर कैन/बोतल जब्त की गई हैं। वहीं पार्टी में शामिल 17 लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है।

जयपुर पुलिस उपायुक्त पश्चिम प्रशांत किरण ने बताया कि पुलिस आयुक्तालय जयपुर द्वारा अवैध शराब की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन क्लीन स्वीप” के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) के सुपरविजन और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त के मार्गदर्शन में सहायक पुलिस आयुक्त बगरू के नेतृत्व में भांकरोटा थाना पुलिस की टीम गठित की गई थी।

पुलिस को सूचना मिली कि पाटीवालों की ढाणी स्थित क्रिकेट ग्राउंड के पास कुछ लोग देर रात मैच के दौरान बीयर पार्टी कर रहे हैं और अवैध रूप से शराब बेच रहे हैं। इस पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो करीब दो दर्जन लोग हाथों में बीयर लेकर पार्टी करते मिले। पुलिस को देखकर कुछ लोग भागने लगे।

मौके पर दो व्यक्ति डी-फ्रीज में बीयर बेचते मिले। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम नितेश कुमार मुंशी (34) निवासी चांदपोल बाजार और दिलीप केशवानी (48) निवासी मानसरोवर बताए। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 140 बीयर कैन/बोतल और दो डी-फ्रीज जब्त किए। दोनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 19/54 में मामला दर्ज किया गया है।

बीयर पार्टी में शामिल 17 व्यक्तियों को पुलिस ने धारा 126/170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार किया। मौके पर खड़े वाहनों के कागजात नहीं मिलने पर 9 वाहनों को जब्त किया गया। इसके अलावा आरोपियों के कब्जे से 14 मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। पुलिस द्वारा मामले में आगे की जांच जारी है और अवैध शराब के नेटवर्क के बारे में पूछताछ की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here