जयपुर। जयपुर कमिश्नरेट की स्पेशल टीम (सीएसटी) ने सोमवार को चित्रकूट इलाके में नियमों के विरुद्ध संचालित हो रहे ऑरेंज बॉडी स्पा सेंटर पर छापेमारी की कार्रवाई की है। पुलिस ने सेंटर पर अनियमितताएं पाए जाने के बाद दो मैनेजरों और चार ग्राहकों सहित कुल छह लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस उपायुक्त (अपराध) अभिजीत सिंह ने बताया कि सीएसटी की टीम ने स्पा सेंटरों के खिलाफ आसूचना संकलित की थी । जब टीम ने चित्रकूट स्थित ऑरेंज बॉडी स्पा की जांच की तो वहां संचालन संबंधी दस्तावेजों और निर्धारित गाइडलाइन में भारी अनियमितता पाई गई। कार्यवाही के दौरान वहां मौजूद लोग उग्र हो गए।
जिसके बाद पुलिस ने सख्त कदम उठाते हुए मैनेजर राहुल भदौरिया (30) निवासी आगरा (उत्तरप्रदेश) हाल निवासी चित्रकूट, राजा उर्फ आकाश शर्मा (28) निवासी आगरा (उत्तरप्रदेश) हाल निवासी लालकोठी जयपुर,ग्राहक रवि मोटवानी उर्फ अंकित (37) निवासी अजमेर,गोविन्द सिंह (33) निवासी सिरसी रोड जयपुर विशाल जांगिड़ (32) निवासी बैनाड़ रोड जयपुर और अमित सारवान (35), निवासी खातीपुरा रोड जयपुर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस की इस औचक कार्यवाही से इलाके में अवैध रूप से स्पा सेंटर चलाने वालों में हड़कंप मच गया है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी नियमों का उल्लंघन करने वाले सेंटरों पर इसी तरह की सख्त कार्यवाही जारी रहेगी।



















