बुजुर्ग की पुकार पर तुरंत हरकत में आई पुलिस: प्रताड़ना से दिलाई राहत

0
37

जयपुर। धौलपुर जिले के कंचनपुर थाना पुलिस ने जमीन के लालच में परिजनों से प्रताड़ित एक निसंतान बुजुर्ग को राहत दिलाकर कम्युनिटी पुलिसिंग की मिसाल पेश की है। पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देशन में की गई त्वरित कार्रवाई से बुजुर्ग को सुरक्षित घर पहुंचाया गया और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

मामला कंचनपुर थाना क्षेत्र के गांव मठ नोहरा का है। यहां के बुजुर्ग भल्लों जाटव ने थाने पहुंचकर बताया कि तीन वर्ष पहले पत्नी का निधन हो चुका है और उनकी कोई संतान नहीं है। उनके हिस्से की तीन बीघा जमीन के लालच में भाई का बेटा और भांजा उन्हें मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे।

थानाधिकारी रामकिशन यादव ने बुजुर्ग की शिकायत सुनकर उन्हें सम्मान पूर्वक बैठाया और तुरंत पुलिस वाहन से घर तक सुरक्षित पहुंचाया। पुलिस जब आरोपियों की तलाश में उनके घर पहुंची तो वे मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घर पर मौजूद परिजनों को समझाइश दी और मुख्य आरोपी के खिलाफ इंसदादी (प्रतिबंधात्मक) कार्रवाई की।

एसपी विकास सांगवान के निर्देश पर एएसपी वैभव शर्मा और एएसपी एडीएफ बाड़ी कमल कुमार जांगिड़ के सुपरविजन में जिले में कम्युनिटी पुलिसिंग को बढ़ावा दिया जा रहा है। पुलिस की इस कार्रवाई से बुजुर्ग भल्लों जाटव अब अपने घर में सुरक्षित रह रहे हैं और उन्होंने पुलिस प्रशासन का आभार जताया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here