जयपुर। वैशाली नगर थाना पुलिस ने ऑपरेशन क्लीन स्वीप के तहत बुधवार को डिकॉय कस्टमर बनकर अवैध हुक्का बार शाशा रेस्टोरेंट पर दबिश दी ।पुलिस की कार्रवाई के डर से हुक्का बार संचालक ने बार में डबल डोर सिक्योरिटी और इलेक्ट्रॉनिक लॉक सिस्टम लगा रखा था और बार में आने वाले व्यक्ति को सीसीटीवी कैमरे में देखने के बाद ही प्रवेश देते थे। पुलिस की आहट मिलते ही हुक्का और नशे का सामान छिपा दिया जाता था। पुलिस ने दबिश के दौरान हुक्के, चिलम और तंबाकू फ्लेवर जब्त किए।
थानाधिकारी आरती सिंह ने बताया कि बुधवार को ऑपरेशन क्लीन स्वीप के तहत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बोगस ग्राहक बन कर शाशा रेस्टोरेंट गौतम मार्ग पर दबिश दी। पुलिस ने मौके पर 12 हुक्के, चिलम, पाइप और विभिन्न प्रकार के तंबाकू फ्लेवर बरामद किए गए। कार्रवाई के दौरान 24 लोगों को सार्वजनिक स्थान पर हुक्का पीते हुए दबोचा पुलिस ने कोटपा एक्ट के तहत चालान कर 48 सौ रुपए का जुर्माना वसूला।
पुलिस ने दबिश के दौरान हुक्का बार के दो मैनेजरों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने अवैध हुक्का बार चलाने वाले मैनेजर मुकेश उर्फ विराट (22) निवासी मथुरा और जितेंद्र सिंह जाटव (33) निवासी करौली को गिरफ्तार कर लिया।




















