जयपुर। सिंधियत जो शाही मेलो-2026 का शुभारंभ रविवार को प्रथम पूज्य गणेश जी महाराज की वंदना के साथ हुआ। समाज के सैकड़ो गणमान्य लोग रविवार को मोतीडूंगरी गणेश मंदिर पहुंचे और सिंधियत जो शाही मेलो-2026 का आगाज किया। चेटीचंड सिंधी मेला समिति ने कार्यक्रम पधारने के लिए प्रथम पूज्य को निमत्रण दिया, इसी के साथ सर्वसिद्धि प्रदाता की पूजा अर्चना कर चेटीचंड कार्यक्रमों के निर्विघ्न सम्पन्न होने की प्रार्थना की गई।भगवान श्री विनायक को मोदक और दुर्वा अर्पित की गई ।सिंधी शहनाई की धुन पर सिंधी लोक नृत्य छेज की प्रस्तुति से गजानन को रिझाया गया ।
समिति अध्यक्ष नरेंद्र मूलचंदानी की अध्यक्षता में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान के बाद भगवान गणेश मंदिर, मोती डूंगरी से श्री झूलेलाल मंदिर, सेक्टर-2, मालवीय नगर तक भव्य वाहन रैली निकाली गई, जिसमें समाज के सैंकड़ों दोपहिया, चार पहिया वाहनों में भक्त गण उत्साहपूर्वक सम्मिलित हुए।
कार्यक्रम संयोजक ललित राजू ने बताया कि श्री झूलेलाल मंदिर पहुँचकर भगवान वरुण अवतार श्री झूलेलाल जी का विशेष पूजन-अर्चन किया गया। इस अवसर पर मंत्रोच्चारण, भजनों और पारंपरिक सिंधी शहनाई की गूंज से पूरा परिसर गुंजायमान हो गया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने सिंधी व्यंजन दाल पकवान का आनंद लिया।
महासचिव प्रमोद नावानी ने बताया कि चेटीचंड पखवाड़ा के सभी कार्यक्रम भी उत्साह पूर्वक आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम संयोजक ललित राजू ने सभी सहयोगियों के प्रति आभार प्रकट किया। कोषाध्यक्ष दीपक वरंदानी, पखवाड़ा सचिव अर्जुन दास मेहरचंदानी और मुख्य समन्वयक हरीश असरानी ने भी पूजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।



















