श्री सरस निकुंज में पंच दिवसीय दीपोत्सव की तैयारियां परवान पर

0
190
Preparations for the five-day festival of lights are in full swing at Shri Saras Nikunj.
Preparations for the five-day festival of lights are in full swing at Shri Saras Nikunj.

जयपुर। सुभाष चौक पानों का दरीबा स्थित श्री शुक संप्रदाय की आचार्य पीठ श्री सरस निकुंज में पंच दिवसीय दीपोत्सव की तैयारियां परवान पर है। शुक संप्रदाय पीठाधीश्वर अलबेली माधुरी शरण महाराज के सान्निध्य में श्री सरस निकुंज परिसर को सजाया जा रहा है।

श्री सरस परिकर के प्रवक्ता प्रवीण बड़े भैया ने बताया कि दीपोत्सव से पूर्व 17 अक्टूबर को रमा एकादशी पर श्री ठाकुर श्री राधा सरस विहारी जी सरकार की नित्य सेवा के साथ विशेष मनोरथ रूपी भाव सेवा के दर्शन सुबह 10 बजे श्रृंगार आरती के साथ कराए जाएंगे।

इस अवसर पर ऋतु फलों तथा सागरी सामग्रियों का भोग अर्पित किया जाएगा। शाम 7 बजे से रात्रि 9 बजे तक विशेष पदावलियों का सामूहिक रूप से गायन किया जाएगा। श्री शुक सम्प्रदाय पीठाधीश अलबेली माधुरी शरण जी महाराज ठाकुर जी सरकार की लाड़ सेवा करते हुए शारदीय ऋतु के आगमन पर केसर एवं अगर का इत्र अर्पित करेंगे ।

आचार्य पीठ श्री सरस निकुंज में पंच दिवसीय दीपमालिका महोत्सव के विशेष सेवा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 18 अक्टूबर को धनतेरस एवं धन्वंतरि जयंती पर ठाकुर जी सरकार को अभ्यंग स्नान, सर्व औषधियों के साथ फुलेली सेवा की जाएगी। 19 अक्टूबर रूप चतुर्दशी को चन्दन, उबटन एवं केसर-चन्दन श्रृंगार के साथ नूतन पोशाक धारण कराई जाएगी।

20 अक्टूबर दीपमालिका पर ठाकुर जी सरकार को विशेष पोशाक, मणिमय मोतियों के श्रृंगार से अलंकृत किया जाएगा। संध्या वेला में दीपोत्सव पूजन एवं विशेष चौसर पासे की झांकी सजाई जाएगी। त्योहारी व्यंजनों के भोग अर्पित किए जाएंगे।

21 अक्टूबर को विशेष मनोरथ सेवा संपन्न होगी। 22 अक्टूबर को अन्नकूट महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। जिसमें ठाकुर जी को विभिन्न व्यंजनों का अन्नकूट भोग अर्पित किया जाएगा। 23 अक्टूबर को यम द्वितीया (भाई दूज) पर यमुना जी का भाव स्वरूप पूजन किया जाएगा। इसके साथ ही पंच दिवसीय दीपमालिका महोत्सव का समापन होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here