जयपुर। ऑल इंडिया रेलवे फेडरेशन के आह्वान पर नॉर्थ वेस्टर्न रेलवे एम्प्लाइज यूनियन महामंत्री मुकेश माथुर के निर्देश पर नॉर्थ वेस्टर्न रेलवे एंप्लॉयीज यूनियन के बैनर तले सोमवार को उत्तर पश्चिम रेलवे स्थित विभिन्न रनिंग लॉबी पर रेलवे बोर्ड द्वारा रनिंग कर्मचारियों के मुद्दों पर निर्णय नहीं लिए जाने एवं जोनल प्रशासन द्वारा मनमर्जी से कार्यवाही करने के विरुद्ध में लोको पायलट एवं गाड़ी प्रबंधक संयुक्त लॉबी जयपुर पर मंडल अध्यक्ष के एस अहलावत, मंडल मंत्री राकेश यादव एजीएस गोपाल मीना की अगुआई में रेल कर्मचारियों ने विरोध प्रदर्शन किया है।
यूनियन के सहायक मण्डल मंत्री अनूप कुमार शर्मा ने बताया कि आल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन की कोलकाता में विगत दिनों सम्पन्न कार्यकारिणी की बैठक में लिए गए निर्णय अनुसार यह प्रदर्शन पूरे देश में किया गया। उन्होंने बताया कि महंगाई भत्ते के 50% हो जाने पर 25% की दर से सभी भत्तों में वृद्धि कर दी गई है, लेकिन रनिंग कर्मचारियों के किलोमीटर भत्ते में अभी तक वृद्धि नहीं हुई है। इसी प्रकार किलोमीटर भत्ते के 70% भाग को आयकर से मुक्त करने का निर्णय अभी तक सरकार ने नहीं लिया है।
उत्तर पश्चिम रेलवे पर मनमर्जी से क्रू वर्किंग में बदलाव किया जा रहा है, और रेवाड़ी लॉबी और जयपुर मण्डल के गाड़ी प्रबंधकों एवम लोको पायलटों सहायक लोको पायलटों समेत रनिंग स्टाफ का तबादला किया जा रहा है जबकि लोको पायलट (मालगाड़ी) के पदों पर प्रधान कार्यालय के निर्देशों के बावजूद पदोन्नति नहीं हो रही है, एकतरफा निर्णय करके नई लॉबी खोली जा रही है एवं कैडर रिव्यू इस वर्ष का अभी तक जारी नहीं किया गया है।
इन सभी मुद्दों पर लोको पायलट, ट्रेन मैनेजर, सीएलआई एवं अन्य रनिंग कर्मचारी अपना रोष प्रकट किया। यह विरोध प्रदर्शन उत्तर पश्चिम रेलवे पर जयपुर, अजमेर, जोधपुर, बीकानेर, मण्डल की विभिन्न लॉबियो अजमेर, आबू रोड, उदयपुर, जयपुर, फुलेरा, बांदीकुई, रेवाड़ी,बीकानेर, भिवानी, हिसार, हनुमानगढ़, सूरतगढ़, चूरू, जोधपुर, मेड़ता रोड एवं समदड़ी लॉबी पर आयोजित किया गया ।




















