राजस्थान दिवस सप्ताह समारोह: जयपुर शहर में होंगे विभिन्न कार्यक्रम आयोजित

0
19
Rajasthan Day Week Celebration
Rajasthan Day Week Celebration

जयपुर। राजस्थान दिवस समारोह के अवसर पर पर्यटन विभाग की ओर से जयपुर शहर में 17 से 19 मार्च तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे।पर्यटन विभाग की आयुक्त रुक्मणी रियाड़ ने बताया कि पर्यटन विभाग की ओर से 17 मार्च से 19 मार्च जयपुर शहर के पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों पर कला संस्कृति से परिपूर्ण भव्य कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे। जिनमें प्रदेश की समृद्ध विरासत, संस्कृति और लोक कलाएं मुख्य आकर्षण का केन्द्र होंगी। इन आयोजनों के माध्यम से आमजन को राजस्थान की परंपराओं और लोक संस्कृति से रूबरू कराया जाएगा।

पर्यटन आयुक्त ने बताया कि पर्यटन विभाग की ओर से तथा सियाही संस्था के सहयोग से त्रिपोलिया गेट स्थित बृज निधि मंदिर में 17 मार्च को प्रातः 7:30 बजे विशेष आरती का आयोजन किया जाएगा।

17 मार्च को ही सायं 7 बजे जवाहर कला केंद्र के मध्यवर्ती परिसर में नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा द्वारा “समुद्र मंथन” नाटक की प्रस्तुति दी जाएगी, जिसका निर्देशन चितरंजन त्रिपाठी द्वारा किया गया है। पर्यटन विभाग की ओर से एवं हंटर हाइकर्स के सहयोग से 17 एवं 18 मार्च को प्रातः 6:45 बजे से “नेचर हाईक्स” का आयोजन किया जाएगा।

उक्त आयोजन 17 मार्च को गढ़ गणेश मंदिर से गैटोर की छतरियां (6 किलोमीटर) पर किया जाएगा तथा 18 मार्च को खेडी गेट से सागर लेक आमेर (6 किलोमीटर) में यह आयोजन किया जाएगा।

पर्यटन विभाग की ओर से और जयपुर विरासत फाउंडेशन के सहयोग से 18 मार्च को प्रातः 7:00 बजे से हेरिटेज वॉक का आयोजन किया जाएगा। यह चतुर्भुज जी मंदिर, छोटी चौपड़ एवं जेम सिनेमा, एम.आई. रोड से आयोजित होगी।

पर्यटन आयुक्त रुक्मणी रियाड़ ने बताया कि राज्य सरकार के निर्णय अनुसार इस बार चैत्र की शुक्ल प्रतिपदा ( 19 मार्च) को मनाये जा रहे राजस्थान दिवस के अवसर पर जयपुर स्थित अल्बर्ट हॉल प्रांगण में भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर पद्मश्री श्री अनवर खां मांगणियार एवं दल तथा पद्मश्री श्री तगाराम भील एवं दल द्वारा प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इसके साथ ही स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुति एवं कथक नृत्य एवं आकर्षक कोरियोग्राफी की प्रस्तुति दी जाएगी। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति में भव्य आतिशबाजी का भी आयोजन किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here