जयपुर। जैन समाज का एक मात्र प्रादेशिक पंजीकृत प्रतिनिधि संगठन राजस्थान जैन सभा जयपुर के तत्वावधान में भगवान महावीर के 2625 वें जन्म कल्याणक महोत्सव (जन्म जयंती समारोह ) के उपलक्ष्य में किए जाने वाले मानव सेवार्थ, धार्मिक एवं सामाजिक सेवा के कार्यों की कड़ी में भगवान महावीर के ‘जीओ और जीने दो’, करुणा, दया के सिद्धांत को सार्थक करने के लिए मार्च माह के प्रत्येक रविवार को आयोजित किए जाने वाले रक्त दान सेवा अभियान के तहत चतुर्थ चरण में 15 स्थानों पर रक्तदान शिविरों का आयोजन किया गया । रक्तदान शिविर का शुभारंभ तीन बार णमोकार महामंत्र के उच्चारण के बाद भगवान महावीर के चित्र के समक्ष दीप प्रज्जवलन के साथ हुआ।
इस मौके पर युवक युवतियों द्वारा बडी संख्या में स्वैच्छिक रक्तदान के लिए 678 महिला पुरुषों ने रजिस्ट्रेशन करवाया । हीमोग्लोबिन व अन्य कमियों के चलते सभी 15 शिविरो में 498 यूनिट रक्त एकत्रित हुआ। कई स्थानों पर नि:शुल्क चिकित्सा शिविर भी लगाए गए।
सभा के अध्यक्ष सुभाष चन्द जैन एवं महामंत्री मनीष बैद ने बताया कि भगवान महावीर का 2625 वां जन्म कल्याणक महोत्सव के दौरान रक्त दान शिविरों का प्रातः 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजन किया गया।




















