जयपुर। राजधानी जयपुर में रविवार को राजस्थान पीपीजेएमएस ग्रुप द्वारा समाज सेवा—आध्यात्म और जनकल्याण के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले प्रतिष्ठित व्यक्तित्वों को सम्मानित करने के लिए “राजस्थान मानव सेवा रत्न” सम्मान समारोह का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का सफल संचालन एवं संपूर्ण आयोजन ग्रुप के डायरेक्टर डॉ जीएल यादव के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
आयोजक जीएल यादव ने बताया कि इस समारोह का उद्देश्य समाज में सेवा भावना को बढ़ावा देना तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को एक सम्मानजनक मंच प्रदान करना है। यह भव्य समारोह सामाजिक एकता, सेवा भावना और मानवीय मूल्यों का सशक्त प्रतीक बनकर उभरा, जिसने समाज में सकारात्मक संदेश प्रसारित किया।
उन्होंने बताया कि इस भव्य समारोह में राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी सुषमा दीदी सहित 30 से अधिक ब्रह्माकुमारियों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए “राजस्थान मानव सेवा रत्न” से सम्मानित किया गया। इसके साथ ही संत समाज की महान विभूतियों जैसे 1008 हरिओम दास महाराज, श्रीश्री 1008 धन्ना पेशावर बजरंग देवाचार्य को भी विशेष सम्मान से नवाजा गया।
समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले हरसहाय यादव (पूर्व प्रधान सांगानेर), महेंद्र यादव, मनीष सोलंकी सहित कई अन्य समाजसेवी एवं भामाशाहों का भी सम्मान हुआ। इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी सुषमा दीदी ने कार्यक्रम को “समाज में नई ऊर्जा और सकारात्मक परिवर्तन लाने वाला सशक्त कदम” बताया और सभी सम्मानित व्यक्तियों को शुभकामनाएं दीं।
इस कार्यक्रम में बॉलीवुड एक्टर विंदु दारा सिंह बतौर मुख्य अतिथि एवं सेलिब्रिटी गेस्ट मौजूद रहे। उन्होंने अपने करकमलों द्वारा सभी सम्मानित अतिथियों को सम्मान प्रदान किया। उनके प्रेरणादायक विचारों ने समारोह में उपस्थित लोगों को समाज सेवा के प्रति और अधिक जागरूक एवं प्रेरित किया।
समारोह में संत-महात्माओं, समाजसेवियों, राजनेताओं एवं भामाशाहों की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन को और अधिक भव्य बना दिया। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य अतिथि, राजनेता एवं समाजसेवी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।




















