जयपुर। राजस्थान सचिवालय सेवा अधिकारी संघ, जयपुर में आज सम्पन्न हुए चुनाव में अभिमन्यु शर्मा ने अध्यक्ष पद पर विजय प्राप्त की है। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी शिव शंकर अग्रवाल को 58 वोटों से पराजित किया।
इस बार चुनावी मैदान में कुल 6 उम्मीदवारों ने अपना भाग्य आजमाया, जिनमें अभिमन्यु शर्मा ने सर्वाधिक समर्थन अर्जित करते हुए यह महत्वपूर्ण जीत दर्ज की। संघ के इतिहास में यह चुनाव खास रहा, जिसमें छह उम्मीदवारों ने अध्यक्ष पद के लिए अपनी दावेदारी पेश की थी। अभिमन्यु शर्मा को सचिवालय अधिकारियों के बीच उनकी निर्विवाद छवि और कार्यशैली के लिए जाना जाता है।
अध्यक्ष बनने के बाद अभिमन्यु शर्मा ने कहा कि वे संघ के हितों की रक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहेंगे तथा सरकार व समय-समय पर प्रशासन के साथ संवाद बनाकर अधिकारियों की समस्याओं का समाधान करेंगे। उन्होंने सचिवालय सेवा के अधिकारियों को सबसे प्रमुख स्थान दिलाने की बात कही।
यह उल्लेखनीय है कि अभिमन्यु शर्मा ने 2017 में पहली बार अध्यक्ष पद के लिए प्रयास किया था और तब भी वे सबसे कम उम्र के अध्यक्ष बने थे। इसके अलावा वे 2021 में भी संघ के अध्यक्ष रह चुके हैं।
उनके इस प्रयास में कर्मचारी संघ के अध्यक्ष कजोड़मल मीणा, पूर्व अध्यक्ष महेश व्यास, मेघराज पंवार, देवेंद्र, कपिल देव, पंकज ओझा और साथियों ने अपूर्व सहयोग प्रदान किया
अब पूरे संघ में अभिमन्यु शर्मा की जीत के बाद नये उत्साह का माहौल है और अधिकारी वर्ग उनसे महत्वपूर्ण बदलावों की उम्मीद लगाए हुए है।