जयपुर। रामाश्रम सत्संग मथुरा उपकेन्द्र-जयपुर की ओर से वार्षिक भंडारे एवं सत्संग समारोह का आयोजन विद्याधर नगर स्टेडियम में किया जा रहा है। कार्यक्रम में देश-विदेश से बड़ी संख्या में साधक भाग लेंगे।
रामाश्रम सत्संग के संस्थापक समर्थ गुरु परम संत डॉ. चतुर्भुज सहाय द्वारा प्रतिपादित आंतरिक सत्संग की परंपरा के अंतर्गत यह आयोजन किया जा रहा है। संत अमित कुमार और मोहित कुमार ने बताया कि रामाश्रम सत्संग में कर्म, उपासना, ज्ञान और समर्पण का समन्वय कर इसे आंतरिक साधना का क्रियात्मक स्वरूप दिया गया है।
उन्होंने बताया कि गुरु के सानिध्य में इस सत्संग का अभ्यास करने से साधक में अलौकिक प्रेम उत्पन्न होता है, जिससे धैर्य, करुणा और सहनशीलता जैसे गुणों का विकास होता है। भंडारे के अवसर पर ईश्वर की कृपा और प्रेम का विशेष अनुभव होता है।
यह भंडारा परम पूज्य आलोक कुमार और संजीव कुमार के सानिध्य में आयोजित होगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं साधक शामिल होकर सत्संग का लाभ उठाएंगे।




















