पेट्रोल पम्प कर्मचारी को पीपो में पेट्रोल नहीं देना पड़ा भारी

0
38

जयपुर। नारायण विहार थाना इलाके में स्थित पेट्रोल पंप पर कुछ बदमाशों ने शनिवार को पीपो में पेट्रोल नहीं देने की बात को लेकर जमकर उत्पात मचाया। जिसके बाद अज्ञात कार सवार बदमाश पेट्रोल पंप मैनेजर पर सरियों से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल दिया।

कार सवार बदमाशों ने मारपीट के दौरान पंप कर्मचारी से 43 हजार रुपए लूटे और मौके से फरार हो गए। इस हमले में मैनेजर के सिर में गंभीर चोट आई। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार सवार बदमाशों को पहचान कर ली है। जिनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहें है।

पुलिस ने बताया कि नारायण विहार इलाके में स्थित सांवरिया फिलिंग स्टेशन पर शनिवार देर शाम कुछ कार सवार बदमाश पहुंचे और पीपो में पेट्रोल भरने की बात कहने लगे। इस पर पंप कर्मचारी ने ये नियम के विरुद्ध बताते हुए पीपों में पेट्रोल देने से मना कर दिया।

इस बात को लेकर कार सवार चार-पांच युवक आवेश में आ गए और पंप कर्मचारी से झगड़ा करने लग गए। शोर -शराबे की आवाज सुन कर मैनेजर राम सिंह (25) बीच -बचाव करवाने पहुंचे तो बदमाशों ने कार में रखे सरिए और डंडो से उस पर हमला कर दिया और पंप कर्मचारी से 43 हजार रुपए लूट कर मौके से फरार हो गए।

बताया जा रहा है कि कार सवार बदमाशों ने सरिए और डंडों से पंप मैनेजर राम सिंह के सिर पर कई वार किए। जिससे राम सिंह गंभीर रुप से घायल हो गया। सिर फटने से राम सिंह मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़ा। जिसके बाद पंप कर्मचारियों निजी वाहन से उसे तुरंत प्राईवेट अस्पताल पहुंचाया।

राम सिंह के सिर में 17 टांके आए है और हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने पेट्रोल पंप परिसर में लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार के रजिस्ट्रेशन नंबरों के आधार पर बदमाशों को चिन्हित कर लिया है। जिनकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here