जयपुर। मुहाना थाना क्षेत्र की पत्रकार कॉलोनी में मंगलवार सुबह पड़ोसी से हुए विवाद में एक रिटायर्ड बैंक कर्मचारी की मौत हो गई। संकरी गली में टेंपो ट्रैवलर लाने को लेकर हुए झगड़े में धक्का-मुक्की के दौरान बुजुर्ग सड़क पर गिर गए, जिससे उनकी जान चली गई।
थानाधिकारी मदन लाल कड़वासरा के अनुसार पटेल मार्ग निवासी विजेंद्र सिंह (68) परिवार सहित रहते थे। उनके पड़ोस में ट्रैवल एजेंसी संचालक छोटे लाल सैनी का घर है। मंगलवार सुबह करीब 8 बजे छोटे लाल ने टेंपो ट्रैवलर मंगवाया, जिसे उज्जैन भेजना था। गली संकरी होने के कारण विजेंद्र सिंह और उनके बेटे ने वाहन को अंदर लाने का विरोध किया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई, जो जल्द ही झगड़े में बदल गई।
आरोप है कि विवाद के दौरान पड़ोसी और टेंपो ट्रैवलर चालक ने विजेंद्र सिंह को धक्का दे दिया, जिससे वे सड़क पर गिर पड़े और बेहोश हो गए। घटना के बाद पड़ोसी छोटे लाल और उसकी पत्नी रेखा मौके से फरार हो गए, जबकि टेंपो ट्रैवलर चालक दिनेश जाट (26) निवासी झुंझुनूं भी वाहन लेकर भाग निकला।
परिजन विजेंद्र सिंह को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को जयपुरिया अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया है। पुलिस ने टेंपो ट्रैवलर चालक को पकड़ लिया है। जबकि छोटे लाल और उसकी पत्नी को डिटेन कर पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच जारी है।


















