नकबजनी गिरोह का सरगना गिरफ्तार: 25 लाख की ज्वेलरी व नकदी बरामद

0
31

जयपुर। विधायकपुरी थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय नकबजनी गिरोह के मुख्य सरगना को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी राशीद उर्फ सोनू (35) निवासी त्रिलोकपुरी दिल्ली को गिरफ्तार किया है, जो राजधानी जयपुर की पॉश कॉलोनी भागीरथ कॉलोनी में हुई लाखों की चोरी का मास्टरमाइंड था।

पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) राजर्षि राज के अनुसार 28 जनवरी 2026 को भागीरथ कॉलोनी में एक सूने मकान में घुसकर बदमाशों ने लाखों रुपए के गहने और नकदी चोरी कर ली थी। इस मामले में विधायकपुरी थाने में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

जांच के दौरान पुलिस ने पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर मुख्य आरोपी राशीद उर्फ सोनू की पहचान हुई, जो दिल्ली क्राइम ब्रांच में भी वांछित था। पुलिस टीम ने समन्वय कर 17 मार्च 2026 को उसे गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।

पुलिस ने मामले में अब तक करीब 25 लाख रुपए की ज्वेलरी और नकदी बरामद की है। आरोपी के खिलाफ दिल्ली, राजस्थान और आंध्र प्रदेश में तीन दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह 10 वर्ष से अधिक समय जेल में भी रह चुका है।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी और उसका गिरोह पहले सूने मकानों की रेकी करते थे और मौका पाकर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। चोरी के बाद माल को आपस में बांटकर ऐश करते थे। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here