अस्पताल से लैपटॉप चोरी करने वाला सफाई कर्मचारी गिरफ्तार

0
33

जयपुर। खो नागोरियान थाना पुलिस ने जेएनयू अस्पताल से लैपटॉप चोरी के मामले का खुलासा करते हुए एक शातिर नकबजन को गिरफ्तार किया है। आरोपी अस्पताल का ही सफाई कर्मचारी निकला, जिसने वारदात को अंजाम दिया था।

पुलिस उपायुक्त (पूर्व) रंजीता शर्मा ने बताया कि 3 दिसंबर 2025 को जेएनयू अस्पताल के प्रशासनिक अधिकारी विजय शर्मा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि 1 दिसंबर 2025 को अस्पताल के रेडियोथेरेपी विभाग के बेसमेंट स्थित कंसोल रूम से कार्यालय उपयोग का एचपी कंपनी का लैपटॉप चोरी हो गया। लैपटॉप को आखिरी बार सुबह करीब 10:30 बजे देखा गया था।

इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आलोक सिंघल व सहायक पुलिस आयुक्त विनोद कुमार शर्मा के निर्देशन में थानाधिकारी ओमप्रकाश मातवा के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया।

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति हैंड बैग के साथ आते-जाते दिखाई दिया। जांच में उसकी पहचान अस्पताल के सफाई कर्मचारी मोहम्मद सोहेल उर्फ सोयेब (23) निवासी छापर की ढाणी, गोनेर रोड के रूप में हुई, जो घटना के बाद से ही काम छोड़कर फरार हो गया था।

पुलिस ने आरोपी को डिटेन कर पूछताछ की तो उसने चोरी करना स्वीकार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी किया गया एचपी कंपनी का लैपटॉप बरामद कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार आरोपी से पूछताछ जारी है और उससे अन्य वारदातों के खुलासे की भी संभावना है। इस पूरे मामले में अनुसंधान अधिकारी हेड कांस्टेबल कमलेश की विशेष भूमिका रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here