गोविंद देवजी मंदिर में संस्कारोत्सव 20 अप्रेल को

0
217

जयपुर। पाश्चात्य संस्कृति के अनुसार केक काटकर और मोमबत्ती बुझाने के बजाय भरतीय संस्कृति के अनुसार जन्मदिन संस्कार मनाने की परम्परा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आराध्य देव गोविंद देवजी मंदिर में रविवार, 20 अप्रेल को सुबह आठ से दस बजे तक संस्कारोत्सव-2025 का आयोजन किया जाएगा। इसमें जन्मदिन संस्कार को भारतीय तरीके से मनाने पर जोर दिया जाएगा। प्रायोगिक रुप से कई लोगों का जन्मदिन संस्कार मनाया भी जाएगा।

मंदिर महंत अंजन कुमार गोस्वामी के सान्निध्य में होने वाले संस्कारोत्सव को गायत्री शक्तिपीठ ब्रह्मपुरी की टोली संपन्न कराएंगी। मंदिर के सेवाधिकारी मानस गोस्वामी ने बताया कि इस मौके पर नौ कुंडीय निशुल्क गायत्री महायज्ञ का आयोजन भी किया जाएगा। जो लोग मंदिर में अपना जन्मदिन संस्कार कराना चाहते हैं वे मोबाइल नंबर 9828019916 पर निशुल्क पंजीयन करा सकते हैं। यह संस्कार पूरी तरह निशुल्क होगा।

किसी भी तरह के सामान लाने की आवश्यक्ता नहीं है। गायत्री परिवार राजस्थान के समन्वयक ओमप्रकाश अग्रवाल ने बताया कि गायत्री परिवार की ओर से सभी संस्कार शक्तिपीठों पर यज्ञ के साथ कराए जाते हैं। गोविंद देवजी मंदिर में भी हर रविवार को जन्मदिन और विवाह दिवस संस्कार मनाने का क्रम शुरू किया है। ज्यादा से ज्यादा लोगों को इसका लाभ उठाना चाहिए।

ऐसे मनाएंगे जन्म दिन संस्कार

सर्व प्रथम मानव देह प्राप्त होने का महत्व बताया जाएगा। इसके बाद पंच तत्व पृथ्वी, जल, आकाश, अग्नि और वायु का पूजन करवाया जाएगा। नौ कुंडीय गायत्री महायज्ञ में विशेष आहुतियां प्रदान करवाई जाएंगी। उपस्थित लोग पुष्प वर्षा कर आशीर्वाद प्रदान करेंगे। गायत्री परिवार की ओर से निशुल्क उपहार प्रदान किए जाएंगे। इस मौके पर भविष्य में केक काटकर, मोमबत्ती बुझाकर जन्मदिन नहीं मनाने का संकल्प कराया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here