जयपुर। मोती डूंगरी थाना इलाके में स्कूटी पार्किंग कि बात को लेकर महिला सब -इंस्पेक्टर और गणेश जी मंदिर के बाहर ड्यूटी कर रहे कांस्टेबल के बीच कहासुनी हो गई और देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में तब्दील हो गई।
दोनो पक्षों में मारपीट होती देख मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं ने बीच-बचाव कर दोनो को अलग-अलग किया। पुलिस महकमें में तैनात दोनो पुलिसकर्मियों की इस हरकत से पुलिस महकमे के आंतरिक अनुशासन पर सवाल खड़े कर दिए।
बताया जा रहा है कि पुलिस मुख्यालय में तैनात महिला सब-इंस्पेक्टर अपने बच्चों के साथ स्कूटी पर मंदिर दर्शन के लिए पहुंची । उन्होंने मंदिर के पास रास्ते में ही अपनी स्कूटी खड़ी कर दी। ड्यूटी पर तैनात कांस्टेबल हरवेन्द्र सिंह ने उन्हें बीच रास्ते में वाहन खड़ा न करने की हिदायत दी। महिला सब इंस्पेक्टर ने कहा कि वह सिर्फ 10 मिनट में दर्शन करके लौट आएंगी।
लेकिन कांस्टेबल ने नियमों का हवाला देते हुए स्कूटी हटाने पर जोर दिया। मामला धीरे-धीरे तीखा होता गया और दोनों के बीच कहासुनी शुरु हो गई।आरोप है कि महिला सब-इंस्पेक्टर ने पहले कांस्टेबल को धक्का दिया, जिसके बाद कांस्टेबल ने भी जवाबी कार्रवाई की और मामला मारपीट तक पहुंच गया। मारपीट होती देख मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं ने बीच बचाव कर दोनो को अलग -अलग किया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनो पक्षों को थाने लेकर आई।
पुलिस ने महिला सब इंस्पेक्टर की शिकायत पर कांस्टेबल हरवेंद्र के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। वहीं कांस्टेबल हरवेंद्र ने भी महिला अधिकारी पर नियम तोड़ने और मारपीट करने का आरोप लगाया।
वहीं इस मामले में एडीसीपी ईस्ट आलोश सिंघल ने बताया कि महिला सब इंस्पेक्टर की शिकायत पर मामला दर्ज कर इसकी जांच गांधी नगर एसीपी को सौपी गई है। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट आने के बाद दोनों पक्षों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।




















