चालान की कार्रवाई कर रहे परिवहन विभाग के अधिकारी से हाथापाई, रोड के बीच बस लगाकर हाईवे किया जाम

0
46

जयपुर। ट्रांसपोर्ट नगर थाना इलाके में एक निजी ट्रेवल्स एजेंसी के संचालक को परिवहन विभाग की कार्रवाई इतनी नागवार गुजरी की उसने हाईवे पर बस लगाकर मुख्य मार्ग जाम कर दिया और आरटीओ इंस्पेक्टर से हाथापाई कर दी। ट्रेवल्स एजेंसी संचालक ने अपना पॉलिटिकल पावर का हवाला देते हुए परिवहन विभाग के अधिकारी को सस्पेंड करवाने की धमकी दी। जिसके बाद आरटीओ इंस्पेक्टर ने थाने पहुंच ट्रेवल्स एजेंसी संचालक के खिलाफ राजकार्य में बाधा डालने का मामला दर्ज कराया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।

पुलिस ने बताया कि आरटीओ जयपुर-फर्स्ट देवेन्द्र सिंह (37) ने मामला दर्ज कराया है कि 27 मार्च की रात उड़नदस्ते पर जवानों के साथ वह ड्यूटी पर तैनात थे। रात करीब 10 बजे ट्रांसपोर्ट नगर के रोटरी सर्किल पर उड़नदस्ते की ओर से वाहनों की चैकिंग की जा रही थी। जयपुर से ऋषिकेश जा रही रिंकू ट्रेवल्स की सवारियों से भरी बस को चैकिंग के लिए रोका गया।

बस रोकते ही उड़नदस्ते पर तैनात स्टाफ से ड्राइवर अरुण सिंह और उसके साथी दिनेश ने गाली-गलौज कर बदसलूकी की। दोनों आरोपियों की ओर से धमकाकर चालान कार्रवाई करने से रोका। देवेंद्र सिंह ने समझाने का प्रयास किया तो दोनो युवकों ने हाथापाई शुरू कर दी और पॉलिटिकल पावर का हवाला देकर सस्पेंड करवाने की धमकी दी।

परिवहन विभाग के अधिकारी और स्टाफ से अभद्रता करने के बाद दोनों युवकों ने बस को बीच रोड पर लगाकर हाईवे जाम कर दिया। ट्रैफिक बाधित होने पर जाम में फंसे बस संचालकों की ओर से हमला होने के डर के चलते आरटीओ उड़नदस्ते को वहां से हटाया गया।

जिसके आरटीओ इंस्पेक्टर देवेंद्र ने मामले की सूचना पुलिस कंट्रोल रुम को दी। सूचना पर ट्रांसपोर्ट नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची । पुलिस ने बस जब्त कर सवारियों को दूसरी बस से रवाना किया। पुलिस ने आरटीओ इंस्पेक्टर की शिकायत पर हाईवे जाम करने व राजकार्य में बाधा डालने का मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here