जयपुर। राजस्थान राज्य क्रीडा परिषद द्वारा सवाई मानसिंह स्टेडियम में आठ दिवसीय विभिन्न खेल अकादमियों में प्रवेश के लिए चयन स्पर्धा मंगलवार से शुरू हो गई। पहले दिन बालक हैंडबॉल अकादमी-जैसलमेर (70),बालिका हैंडबॉल अकादमी-जयपुर (67), बालक साइकिलिंग अकादमी-बीकानेर (40), बालक कुश्ती अकादमी-भरतपुर (55) एवं बालिका खेल संस्थान-कुश्ती, भरतपुर (18) में कुल 250 खिलाड़ियों ने भाग लिया।
राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद की सचिव नीतू बारूपाल ने बताया कि पहले दिन सभी खिलाड़ियों का रजिस्ट्रेशन और मेडिकल करवाने के बाद बैटरी टेस्ट लिया गया। बैटरी टेस्ट में कुल आठ एक्टिविटी है। इन तीनों खेलों के खिलाड़ियों का बुधवार सुबह के सत्र में स्किल टेस्ट लिया जाएगा।
शासन सचिव युवा मामले एवं खेल विभाग तथा अध्यक्ष राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद डॉ. नीरज के पवन भी ट्रायल में भाग लेने वाले खिलाड़ियों से मिले तथा उनका उत्साहवर्धन भी किया और अच्छे प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने ट्रायल किस प्रकार से लेते है का भी बारीकी से अध्ययन किया। इस दौरान उनके साथ अकादमी प्रभारी रणविजय सिंह चम्पावत भी मौजूद थे।
नीतू बारूपाल ने बताया कि बुधवार को बालक एथलेटिक्स अकादमी-श्रीगंगानगर,अजमेर एवं चूरू तथा बालिका एथलेटिक्स अकादमी-जयपुर व चूरू एवं बालिका खेल संस्थान-भरतपुर, उदयपुर व जयपुर तथा पैरा एथलेटिक्स एवं पैरा पॉवरलिफ्टिंग-जयपुर के लिए रजिस्ट्रेशन, मेडिकल एवं बैटरी टेस्ट होंगे। गुरुवार को इनका स्किल टेस्ट होगा।




















