जयपुर। विद्याधर नगर थाना इलाके में मंगलवार रात एक महिला का घर के अंदर शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घर का गेट तोड़कर अंदर प्रवेश किया और शव को बाहर निकाला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए कांवटिया अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया है।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (जयपुर उत्तर) बजरंग सिंह ने बताया कि मृतका की पहचान सोनिया (50) निवासी पुराना विद्याधर नगर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार सोनिया ने पहले पति को छोड़ने के बाद नौशाद नामक व्यक्ति से शादी कर ली थी और वह उसके साथ यहीं रह रही थी।
पुलिस के अनुसार करीब तीन साल पहले बड़ी मात्रा में गांजा बरामदगी के मामले में सोनिया और उसका पति नौसाद गिरफ्तार हुए थे। इसके बाद दोनों को जयपुर सेंट्रल जेल भेज दिया गया था। पिछले कुछ दिन पहले ही सोनिया जेल से रिहा होकर घर लौटी थी, जबकि उसका पति अभी भी जेल में बंद है।
स्थानीय लोगों ने मंगलवार शाम करीब छह बजे पुलिस को सूचना दी। उन्होंने बताया कि सोमवार शाम को सोनिया को घर का कमरा बंद करते हुए देखा गया था। इसके बाद वह घर से बाहर नहीं निकली। मंगलवार शाम को काफी देर तक गेट खटखटाने के बावजूद अंदर से कोई जवाब नहीं मिला, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना पर विद्याधर नगर थाना पुलिस और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने गेट तोड़कर घर के अंदर प्रवेश किया तो सोनिया जमीन पर मृत अवस्था में पड़ी मिली। उसके मुंह से खून निकल रहा था। पुलिस ने एफएसएल टीम की मदद से मौके से साक्ष्य जुटाए और शव को कांवटिया अस्पताल की मॉर्च्युरी भिजवा दिया।
प्रथम दृष्टया पुलिस जांच में नशे के ओवरडोज या किसी पुरानी बीमारी के कारण मौत होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।




















