डॉक्टर के घर 50 लाख की चोरी करने वाले नौकर-नौकरानी गिरफ्तार

0
37
Servant and Maid Who Stole ₹50 Lakhs from Doctor's House Arrested
Servant and Maid Who Stole ₹50 Lakhs from Doctor's House Arrested

जयपुर। सांगानेर सदर थाना पुलिस ने रिंग रोड परियोजना क्षेत्र स्थित एक डॉक्टर के घर हुई 50 लाख रुपए की चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए घर के ही नौकर और नौकरानी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 33 लाख रुपए नकद बरामद किए हैं। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) राजर्षि राज ने बताया कि 26 मार्च 2026 को परिवादी डॉ. प्रभाकर सेठी (78) निवासी खेड़ी गोपालपुरा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 22 फरवरी को उन्होंने अपनी पोती की ट्यूशन फीस के लिए 50 लाख रुपए नकद घर के किचन में सुरक्षित स्थान पर छिपाकर रखे थे। इसके बाद 24 फरवरी को घर में चोरी का प्रयास हुआ। जबकि 25 फरवरी को सीसीटीवी कैमरों की सर्विसिंग हुई। इसी दौरान घर के कर्मचारी सुमित खेतान और सीमा सैनी को कैमरों की पूरी जानकारी हो गई।

19 मार्च की रात संदिग्ध परिस्थितियों में घर के पालतू कुत्ते की मौत हो गई। इसके बाद जब किचन में रखी रकम की जांच की गई तो पूरी नकदी गायब मिली। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और संदिग्ध नौकर सुमित खेतान एवं नौकरानी सीमा सैनी से पूछताछ की। पूछताछ में वारदात स्वीकार करने के बाद सुमित खेतान (38) और सीमा सैनी (34) को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों से 33 लाख रुपए नकद बरामद कर लिए हैं। शेष राशि की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।

जांच में सामने आया कि जब परिवादी रकम छिपा रहे थे। तब सुमित ने चोरी-छिपे यह देख लिया था। बाद में उसने सीसीटीवी फुटेज देखकर पूरी जानकारी जुटाई और किचन के कैमरे का वायर हटा दिया। इसके बाद महिला कर्मचारी सीमा सैनी को भी योजना में शामिल कर दोनों ने मिलकर नकदी चुरा ली और सामान्य तरीके से घर में काम करते रहे ताकि किसी को शक न हो। पुलिस टीम का गठन अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त के निर्देशन में किया गया था। जिसमें सांगानेर सदर थाना पुलिस की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here