जयपुर/अलवर। अलवर जिले के रैणी थाना क्षेत्र में एक्सप्रेस-वे पर रविवार शाम बीएमडब्ल्यू कार पलटने से शकुन ग्रुप के एमडी वल्लभ माहेश्वरी (62) की मौत हो गई, जबकि चालक घायल हो गया। माहेश्वरी जयपुर से गिरिराज जी मथुरा जा रहे थे।
पुलिस के अनुसार हादसा रविवार शाम करीब 4 बजे एक्सप्रेस-वे के चेनेज 136.8 के पास हुआ। तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई और बैरिकेड्स तोड़ते हुए मीडियन में घुसकर पुलिया की दीवार से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और सीमेंट के ब्लॉक तोड़ते हुए मीडियन पर अटक गई।
हादसे के बाद राहगीरों और पुलिस ने दोनों को बाहर निकालकर पिनान अस्पताल पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अलवर के हरीश हॉस्पिटल रेफर किया गया। जहां डॉक्टरों ने वल्लभ माहेश्वरी को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार कार चालक को मामूली चोटें आई हैं। हादसे के बाद माहेश्वरी के शव को एंबुलेंस से जयपुर लाया गया है। वल्लभ माहेश्वरी शकुन ग्रुप की कई कंपनियों में डायरेक्टर थे।

















