जयपुर। महाशिवरात्रि पर रविवार को आराध्य देव गोविंद देवजी मंदिर में सुबह नौ से दोपहर बारह बजे तक मंदिर महंत अंजन कुमार गोस्वामी महाराज के सान्निध्य में निशुल्क पंच कुंडीय शिव गायत्री महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा। निशुल्क यज्ञ में सभी श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ के विशिष्ट मंत्रों से आहुतियां अर्पित करेंगे। इससे पूर्व आदिदेव महादेव का पूजन किया जाएगा।
यज्ञ का संचालन गायत्री शक्तिपीठ के विद्वानों की टोली संपन्न कराएंगी। आचार्य पीठ से शिव परिवार के जीवन दर्शन से शिक्षा पर विशेष उद्बोधन होगा। इस दौरान फाल्गुनी माहौल में वैष्णव और शैव परंपरा का दृश्य देखने को मिलेगा। एक ओर जहां ठाकुर श्रीजी का विधिवत पूजन। राधा-राधा का जयघोष सुनाई देगा। दूसरी ओर यहां सजाई जा रही रचना झांकी में रंग-बिरंगी गुलाल से आदिदेव महादेव और जगत जननी मां पार्वती की रचना झांकी सजाई जाएगी। इसी बीच शिव गायत्री महामंत्र के स्वर सुनाई देंगे।




















