श्री राम जानकी विवाह महोत्सव: रघुनंदन को चढ़ा तिलक

0
166
Shri Ram Janaki Marriage Festival: Tilak offered to Raghunandan
Shri Ram Janaki Marriage Festival: Tilak offered to Raghunandan

जयपुर। चांदपोल बाजार स्थित श्री रामचंद्र जी मंदिर में चल रहे श्री राम जानकी विवाह उत्सव के तहत शनिवार को श्री राम जी का तिलक समारोह भक्ति भाव के साथ मनाया गया। मंदिर में भक्तों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही और पूरे परिसर में भक्ति संगीत की ध्वनियां गूंज उठीं।

महंत नरेंद्र तिवाड़ी ने बताया कि जनकपुर की ओर से लग्न पत्रिका अयोध्या भेजे जाने के बाद बारात जनकपुर पहुंची, जहां श्री रामजी को हीरे जड़ित मीना कारी वाला तिलक धारण करवाया गया। साथ ही मोतियों के हार, कंठे, कड़े और चांदी के तार से बनी पोशाक पहनाई गई। इसके बाद उन्हें पारंपरिक बीड़ा खिलाया गया।

कार्यक्रम के अगले चरण में किशोरी श्री सीताजी की गोद भराई की रस्म संपन्न हुई, जिसमें जेवर, पोशाक, मिठाई, मेवा और बीड़ा भेंट स्वरूप अर्पित किए गए। तत्पश्चात सखियों द्वारा सीता जी को कुमकुम और मेंहदी धारण करवाई गई। मंदिर प्रांगण में सखियों और भक्तों ने पारंपरिक गीतों पर नाचते-गाते हुए आनंद मनाया।

इसके बाद मटकोर उत्सव संपन्न हुआ, जिसमें सिया जी अपनी सखियों के साथ कमला नदी के तट पर पूजन कर हवन वेदी के लिए मिट्टी लेकर आईं। भक्त समाज द्वारा भजन संध्या का आयोजन हुआ, जिसमें “आज तिलक चढ़े रघुनंदन के, सिया जू की मेंहदी को माणक रंग” जैसे भक्ति गीतों ने सभी को भावविभोर कर दिया।

महंत नरेंद्र तिवाड़ी ने बताया कि शनिवार को मुख्य विवाह उत्सव मनाया जाएगा। इस अवसर पर हलकारा भवन से बारात सज-धजकर मंदिर प्रांगण पहुंचेगी। जहां रात्रि में वरमाला और भावरी उत्सव का आयोजन किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here