जयपुर। श्री साईं नाथ सेवा धाम समिति के तत्वावधान में श्री साईं बाबा के 20वें वार्षिकोत्सव पर आयोजित श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ समारोह का शुभारंभ शनिवार को 551 महिलाओं की भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। आदर्श नगर के भाटिया भवन से बैंड-बाजे के साथ निकली कलश यात्रा में महिलाएं सिर पर मांगलिक कलश लेकर चल रही थीं।
निवर्तमान पार्षद घनश्याम चंदलानी ने बताया कि कलश यात्रा विभिन्न मार्गों से होती हुई राजापार्क स्थित सिंधी कॉलोनी के स्वामी सर्वानंद पार्क में कथा स्थल पर पहुंची, जहां श्रीमद् भागवत की पूजा-अर्चना की गई। यात्रा में भाजपा नेता अशोक परनामी सहित कई गणमान्य लोग और 101 ब्राह्मण पीत वस्त्रों में शामिल हुए।
कथा के प्रथम दिन व्यासपीठ से जगद्गुरु परमहंसाचार्य स्वामी दयानंद सरस्वती ने श्रीमद् भागवत की महिमा बताते हुए कहा कि भागवत कथा के श्रवण से व्यक्ति जन्म-मरण के बंधन से मुक्ति प्राप्त करता है। कथा प्रतिदिन शाम 4 बजे से रात 8 बजे तक आयोजित की जाएगी।




















