जयपुर। रामगंज बाजार के कांवटियों का खुर्रा स्थित श्री श्याम प्राचीन मंदिर में मनाए जा रहे श्री श्याम सत्संग मंडल संस्था के तीन दिवसीय 60वें वार्षिकोत्सव के अंतर्गत तीसरे दिन शुक्रवार को बाबा श्याम की शोभायात्रा निकाली गई। मंदिर महंत पं.लोकेश मिश्रा के सान्निध्य में संध्या आरती के बाद बाबा श्याम गाजे-बाजे और लवाजमे के साथ नगर भ्रमण पर निकले। भजनों की स्वर लहरियों और जयकारों के साथ निकली शोभायात्रा का मार्ग में श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर बाबा का स्वागत किया।
शोभायात्रा के दौरान विभिन्न श्यामसेवी संस्थाओं के श्रद्धालु बड़ी संख्या में शामिल हुए और बाबा के दुर्लभ चित्रपट के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया। संस्था के अध्यक्ष अशोक मिश्रा और कुंंज बिहारी आवासवाले ने बताया कि बाबा श्याम की यह सेवा वर्ष में एक बार ही मंदिर से बाहर निकलती है, जिसे देखने के लिए श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह रहता है।
इससे पूर्व श्री श्याम प्राचीन मंदिर में महंत पं. लोकेश मिश्रा के सान्निध्य में पं. गिरधर शर्मा के आचर्यात्व में 11 ब्राह्मणों ने वेद मंत्रोच्चार के साथ बाबा श्याम का दुग्धाभिषेक कर विशेष पूजा-अर्चना की। र बाबा श्याम का मनमोहक श्रृंगार दर्शन कर भजनामृत सत्संग किया। संजय पारीक, निशा गोविंद, अमित नामा राज राठौड़, अविनाश शर्मा, अजय दौसावाले, महेश परमार सहित अनेक भजन गायकों ने भजनों की प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।




















