एसआई भर्ती-2021: डमी कैंडिडेट बैठाकर पास हुआ अभ्यर्थी गिरफ्तार

0
45

जयपुर। स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने एसआई भर्ती परीक्षा-2021 में डमी कैंडिडेट बैठाकर परीक्षा पास करने वाले फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था।

एडीजी (एसओजी) विशाल बंसल ने बताया कि वर्ष 2024 में दर्ज एसआई भर्ती-2021 पेपर लीक प्रकरण की जांच के दौरान यह मामला सामने आया। जांच में खुलासा हुआ कि टोंक जिले के अलीगढ़ निवासी सियाराम मीना (32) पुत्र बाबूलाल मीना ने खुद परीक्षा देने के बजाय डमी कैंडिडेट बैठाया था।

जांच के अनुसार डमी कैंडिडेट के रूप में हनुमान प्रसाद मीना पुत्र ग्यारसी लाल मीना, निवासी अलीगढ़ (टोंक) ने परीक्षा दी थी। इसके लिए दोनों के बीच 15 लाख रुपए में सौदा तय हुआ था।

एसआई भर्ती-2021 की लिखित परीक्षा 13 सितंबर 2021 को दो पारियों में आयोजित की गई थी, जिसमें डमी कैंडिडेट ने दोनों पेपर दिए। इसके परिणामस्वरूप सियाराम मीना को हिंदी विषय में 200 में से 140.21 अंक और सामान्य ज्ञान में 200 में से 109 अंक प्राप्त हुए, जिससे वह परीक्षा में उत्तीर्ण हो गया।

एसओजी के अनुसार टोंक पुलिस ने लंबे समय से फरार आरोपी सियाराम मीना को गिरफ्तार कर एसओजी को सौंपा। इसके बाद एसओजी ने सोमवार दोपहर उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है और गिरोह के अन्य सदस्यों व नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

एसओजी ने बताया कि इस प्रकरण में अब तक 63 ट्रेनी एसआई, 6 चयनित एसआई सहित कुल 140 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। जांच एजेंसी मामले की गहराई से पड़ताल कर रही है, जिससे भर्ती परीक्षा में हुई अनियमितताओं का पूरा नेटवर्क उजागर किया जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here