ऑपरेशन एंटी वेनम अभियान में स्मैक तस्करी का भंडाफोड़

0
48

जयपुर। जयपुर ग्रामीण जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन एंटी वेनम’ के तहत रेनवाल थाना पुलिस और डीएसटी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए स्मैक तस्करी के नेटवर्क पर बड़ी चोट की है। पुलिस ने एक घर पर दबिश देकर 6.86 ग्राम अवैध स्मैक और 6 लाख 42 हजार 100 रुपए नकद बरामद किए हैं।

पुलिस अधीक्षक हनुमान प्रसाद मीणा ने बताया कि जयपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक राहुल प्रकाश के निर्देश पर 15 से 31 मार्च तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में 30 मार्च को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रजनीश पूनियां और वृत्ताधिकारी शिवरतन गोदारा के सुपरविजन में रेनवाल थानाधिकारी नरेश कंवर के नेतृत्व में टीम गठित कर कार्रवाई की गई।
टीम ने झालरा निवासी राधेश्याम उर्फ राजू मीणा के घर पर दबिश दी।

कार्रवाई के दौरान आरोपी घर पर नहीं मिला, लेकिन उसकी पत्नी संतोष देवी उर्फ कविता मौजूद थी। उसकी मौजूदगी में तलाशी लेने पर एक कमरे में डबल बेड के बॉक्स से नीले रंग की प्लास्टिक थैली बरामद हुई।

थैली की जांच में एक पारदर्शी पाउच में मटमैले रंग का पाउडर मिला, जो जांच में स्मैक पाया गया। इसका वजन 6.86 ग्राम निकला। साथ ही उसी थैली से 6,42,100 रुपए नकद भी बरामद हुए, जिसे प्रारंभिक तौर पर स्मैक की बिक्री से जुड़ा माना जा रहा है।

पूछताछ में आरोपी की पत्नी ने बताया कि यह सामान उसका पति लाता था और उसे इसकी जानकारी नहीं थी। पुलिस ने स्मैक और नकदी को जब्त कर आरोपी राधेश्याम उर्फ राजू मीणा के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 08/21 में मामला दर्ज किया है। फिलहाल आरोपी फरार है और उसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here